‘किसी को ढूंढने आए थे…’ नड्डा की बैठक में अचानक पहुंचा ममता के सुरक्षा घेरे का IPS अधिकारी…

महानगर के साल्टलेक सेक्टर फाइव स्थित एक होटल में उस वक्त राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की महत्वपूर्ण सांगठनात्मक बैठक के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सुरक्षा घेरे में तैनात एक वरिष्ठ IPS अधिकारी अचानक वहां पहुंच गए।

डीआईजी सुमित कुमार नड्डा की बैठक स्थल पर पहुंचे

DIG (सुरक्षा) सुमित कुमार का इस तरह नड्डा की बैठक स्थल पर पहुंचना न केवल हैरान करने वाला था, बल्कि इसने कई तरह के कयासों को भी जन्म दे दिया है।

जब उनसे वहां आने का कारण पूछा गया, तो उन्होंने केवल इतना ही कहा कि मैं किसी को ढूंढने आया था और तुरंत वहां से निकल गए।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़े एक उच्च पदस्थ अधिकारी का विपक्षी दल की गोपनीय बैठक के पास इस तरह पाया जाना अब राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

आज ही कोलकाता पहुंचे हैं नड्डा जेपी नड्डा कोलकाता के एक संक्षिप्त दौरे पर आए हैं और होटल के सम्मेलन कक्ष में प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, जिला अध्यक्षों और संगठनात्मक प्रभारियों के साथ बैठक कर रहे थे।

घटना से बंगाल के राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीआइजी सुमित होटल के उसी कारिडोर के पास पहुंच गए थे जहां बैठक चल रही थी। जैसे ही मीडिया कर्मियों की नजर उन पर पड़ी और वे उनकी ओर बढ़े, आइपीएस अधिकारी तुरंत पीछे मुड़ गए और जिस रास्ते से आए थे, उसी रास्ते से बाहर निकल गए।

बैठक कक्ष के बाहर मौजूद नेताओं और मंत्रियों के सहायकों ने तुरंत इस बारे में पूछताछ शुरू कर दी। होटल परिसर से निकलते समय जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया, तो संक्षिप्त उत्तर देकर वे अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *