दिल्लीवासियों के लिए खुशखबरी, अब बिना रुके पार होगा यह व्यस्त चौराहा…

बाहरी रिंग रोड पर अत्यधिक यातायात भार वाले चौराहों में से एक मधुबन चौक जल्द ही सिग्नल फ्री हो जाएगा। मधुबन चौक ट्रैफिक सिग्नल पर वाहन चालकों को अब 150 सेकंड के ठहराव साथ-साथ यातायात जाम में फंसने की समस्या से मुक्ति मिलने वाली है।

मधुबन चौक के साथ ही पीतमपुरा स्थित लाला जगत नारायण मार्ग पर आशियाना चौक को सिग्नल फ्री किए जाने की याेजना है। दोनों चौक को सिग्नल फ्री कर तीन यू-टर्न से होकर यातायात आवागमन होगा। मधुबन चौक पर सरोज अस्पताल के सामने यू-टर्न बनाने का कार्य अंतिम चरण में है।

जबकि, सुभावना अपार्टमेंट और इंद्रिया भवन के सामने यू-टर्न पहले से ही बने हुए हैं। यातायात पुलिस के अधिकारी ने बताया कि अगले सप्ताह तक दोनों चौक सिग्नल फ्री किए जाने की योजना है।

एनएसपी से लेकर रिठाला मेट्रो स्टेशन तक लगभग छह किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर बने 12 में से 10 सिग्नल पहले ही बंद किए जा चुके हैं, इनके स्थान पर 14 यू-टर्न बनाए गए हैं। मधुबन चौक व आशियाना चौक को जल्द ही सिग्नल फ्री कर दिया जाएगा। इसकी तैयारी चल रही हैं।

यातायात पुलिस के अधिकारी ने बताया कि मधुबन चौक से रिठाला की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मुड़ना है तो सरोज अस्पताल के सामने यू-टर्न बनाया जा रहा है। रोहिणी फायर एकेडमी के सामने बने यू-टर्न का प्रयोग भारी वाहनों के लिए किया जाएगा।

मधुबन चौक से एनएसपी की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को अगर मुड़ना है तो वे सुभावना अपार्टमेंट के सामने बने यू-टर्न का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी प्रकार आशियाना चौक को भी जल्द सिग्नल फ्री किया जाएगा। दोनों तरफ के वाहन चालक मुड़ने के लिए सुभावना अपार्टमेंट व इंद्रिया भवन के सामने बने यू-टर्न का उपयोग कर सकते हैं।

एनएसपी से लेकर रिठाला मेट्रो स्टेशन तक सिग्नल फ्री करने की शुरुआत 2018 में शुरू हुई थी। सबसे पहले रिठाला सिग्नल को फ्री किया गया था। इसके बाद लगभग छह साल यह योजना ठंडे बस्ते में पड़ी रही। 2024 में इस पर दोबारा अमल हुआ। जून 2024 में राजीव गांधी कैंसर अस्पताल चौक का सिग्नल फ्री किया गया।

इसके सकारात्मक परिणाम के बाद एक के बाद एक, 10 चौक-चौराहों को सिग्नल फ्री किया गया। लोगों का कहना है कि सिग्नल फ्री होने से लाभ हुआ है, लंबे ठहराव के बजाय यातायात चलता रहता है। लेकिन, सड़क किनारे खड़े वाहन यातायात में व्यवधान बने हैं, विशेषकर यू-टर्न के पास।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *