राजा रवि वर्मा की कला से लेकर ईशा अंबानी की शाही झलक तक, मेट गाला में दिखा भारत का जलवा…

न्यूयॉर्क में आयोजित प्रतिष्ठित मेट गाला 2026 इस बार भारतीय कला, शिल्प और परंपरा का भव्य मंच बन गया।

थीम फैशन इज आर्ट के बीच भारतीय हस्तकला और विरासत ने ऐसा जलवा बिखेरा कि पूरी दुनिया भारत की रचनात्मक शक्ति की मुरीद हो गई।

सबसे ज्यादा चर्चा रही ईशा अंबानी की, जिनका परिधान भारतीय शिल्प का जीवंत उदाहरण बना।

उनके ब्लाउज को तैयार करने में 500 घंटे और 40 कारीगर लगे, जिसमें एक हजार से ज्यादा हीरे और बहुमूल्य रत्न जड़े थे। यह केवल फैशन नहीं, बल्कि विरासत का प्रदर्शन था।

करण जौहर ने मेट गाला में डेब्यू किया

वहीं करण जौहर ने मेट गाला में डेब्यू करते हुए मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया फ्रेम्ड इन इटर्निटी आउटफिट पहना, जो राजा रवि वर्मा की प्रसिद्ध पेंटिंग्स से प्रेरित था।

इस पोशाक को बनाने में 5600 घंटे और 50 से ज्यादा कारीगरों की मेहनत लगी। यह फैशन नहीं बल्कि एक चलती-फिरती कला गैलरी थी।

सुधा रेड्डी ने 1.5 करोड़ डॉलर का ऐतिहासिक नेकलेस पहनकर शाही ठाठ दिखाया, जबकि अनन्या बिड़ला ने सुबोध गुप्ता द्वारा बनाया गया स्टील मास्क पहनकर आधुनिक कला का अलग ही आयाम पेश किया।

भारतीय कला को वैश्विक मंच पर स्थापित किया

नताशा पूनावाला का आर्किड-प्रेरित गाउन और दीया मेहता जटिया का बंगाल की शोला क्राफ्ट से सजा आउटफिट भारतीय शिल्प की विविधता को दर्शाता नजर आया। वहीं जयपुर के शाही परिवार से जुड़े गौरवी कुमारी और सवाई पद्मनाभ सिंह ने पारंपरिक शाही अंदाज में सबका ध्यान खींचा।

इन सभी परिधानों में कढ़ाई की पारंपरिक विधाएं जरी, जर्दोजी, कढ़ाई, कलमकारी और अजंता गुफाएं से प्रेरित डिजाइन शामिल थे, जिसने भारतीय कला को वैश्विक मंच पर स्थापित किया।

इंटरनेट मीडिया पर मेट गाला का मसालेदार तड़का

मेट गाला के ग्लैमर के साथ-साथ इंटरनेट मीडिया पर इसका मजाकिया रूप भी खूब वायरल हुआ। कई विदेशी सितारों के लुक्स की तुलना बालीवुड किरदारों से की गई। विजय वर्मा ने इंटरनेट मीडिया पर अपने मटका किंग किरदार को मेट गाला में पहुंचा दिया तो वहीं, वीर दास ने एआई से बना फेक लुक शेयर कर मजेदार अंदाज में एंट्री ले ली।

मेट गाला 2026 सिर्फ एक फैशन इवेंट नहीं रहा, बल्कि यह भारत की कला, संस्कृति और कारीगरी का वैश्विक प्रदर्शन बन गया। यहां हर धागा, हर कढ़ाई और हर डिजाइन भारत की हजारों साल पुरानी परंपरा की कहानी कहता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *