बच्चे से लेकर बेजुबान तक… वेनेजुएला भूकंप के बाद मलबे से जिंदगियों को बचाने का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन…

वेनेजुएला में आए भूकंप के कारण अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4,300 से अधिक लोग घायल हैं, जबकि हजारों लोग अभी भी लापता हैं। आपदा राहत टीम के साथ-साथ आम नागरिक ढही इमारतों का मलबा हटाकर उसके नीचे फंसे लोगों को निकाले का काम कर रहे हैं।

इस बीच सबसे अधिक प्रभावित उत्तरी क्षेत्र ला गुआइरा से बेहत भावुक तस्वीर सामने आई है। जहां इमारतों के मलबों में दबे दो नवजात बच्चों, एक 12 साल के बच्चे और एक पालतू कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनका रेस्क्यू ऑपरेशन किसी चमत्कार से कम नहीं है, जो मलबे में दबे होने के बावजूद पूरी तरह सुरक्षित हैं।

बच्चे को बचाने के बाद खुश हुए बचावकर्मी

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में एक ढह चुकी इमारत के मलबे के नीचे बच्चा जीवित पाया गया, जिसे आपदा राहत की टीम ने सावधानीपूर्वक सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले गए। बच्चे को बचाने की खुशी में बचाव कर्मी जोर-जोर से चिल्लाने लगे। राहत की बात यह रही की मलबे में दबे होने के बावजूद बच्चा पूरी तरह सुरक्षित था।

12 साल के बच्चे को सुरक्षित निकाला

एक दूसरी ऐसी ही घटना में वेनेजुएला के बोलिवेरियन नेशनल पुलिस कोर के अधिकारियों ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया और ला गुआइरा राज्य में एक शिशु को सफलतापूर्वक बचाया। यहां आपातकालीन टीमों की मदद से एक और 12 वर्षीय लड़के को जिंदा बाहर निकाला। यहां अभी भी सैकड़ों लोगों के क्षतिग्रस्त इमारतों के नीचे फंसे होने का अनुमान है।

कुत्ते का भी हुआ रेस्क्यू

यही नहीं भूकंप के कारण गिरी इमारतों के मलबे के नीचे से इंसानों के अलावा जानवरों को भी सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। तलाशी अभियान के दौरान बचाव दल को मलबे के नीचे एक जीवित कुत्ता मिला। जिसे राहत बचाव की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।

कुत्ते को बाहर निकालने के बाद बचावकर्मियों द्वारा उसे पानी पिलाते हुए और सुरक्षित स्थान पर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *