फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीस यात्रा को एक अनोखे और सिनेमाई अंदाज में पेश किया है। मैक्रों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर फिल्म ‘धुरंधर’ के लोकप्रिय गाने ‘आरी आरी’ के साथ पीएम मोदी के दौरे का एक शानदार वीडियो क्लिप शेयर किया है।
मैक्रों द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में पीएम मोदी की फ्रांस के नीस शहर की यात्रा की झलकियां दिखाई गई हैं, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय वार्ता की और संयुक्त रूप से भारत इनोवेट्स 2026 सम्मेलन का उद्घाटन किया।
वीडियो में क्या है खास?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो की शुरुआत दोनों नेताओं के हाथ मिलाने और गले लगने से होती है, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के प्रमुख क्षणों को दिखाया गया है। इस वीडियो में प्रौद्योगिकी, नवाचार और भारत-फ्रांस की बढ़ती साझेदारी पर हुई उनकी चर्चाओं को दिखाया गया है, राजनयिक संदेशों में भारतीय लोकप्रिय संस्कृति (बॉलीवुड) के इस इस्तेमाल ने सोशल मीडिया पर यूजर्स का ध्यान तेजी से अपनी ओर खींचा है।
यह वीडियो क्लिप पीएम मोदी की फ्रांस में आयोजित भारत इनोवेट्स 2026 सम्मेलन और ग्लोबल एआई शिखर सम्मेलन में भागीदारी के बाद मैक्रोन की ओर से एक सिनेमाई “धन्यवाद” संदेश के रूप में प्रस्तुत किया गया।
पीएम मोदी ने दिया धन्यवाद
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए, पीएम मोदी ने मैक्रों को धन्यवाद दिया और दोहराया कि भारत और फ्रांस प्रौद्योगिकी, नवाचार और उभरते उद्योगों जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
बता दें कि यह पहला ऐसा मौका नहीं है जब मैक्रों ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में धुरंधर फिल्म के संगीत का इस्तेमाल किया है। इस साल की शुरुआत में, फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने अपनी भारत यात्रा से वापसी का वीडियो शेयर किया था, जिसमें जिसमें फिल्म से जुड़ा संगीत भी शामिल था।
पीएम मोदी ने शेयर की सेल्फी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक सेल्फी शेयर की है। तस्वीर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि नीस में आपसे मिलकर अच्छा लगा और इस बातचीत को फलदायी बताते हुए कहा कि भारत-फ्रांस साझेदारी नई ऊंचाइयों को छूती रहेगी। एवियन और पेरिस में फिर मिलेंगे।
पीएम मोदी का नीसा दौरा
बता दें कि पीएम मोदी और मैक्रों के ने नीस के विला केरीलोस में द्विपक्षीय वार्ता की। भारत और फ्रांस के बीच इस वर्ष की शुरुआत में संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किए जाने के बाद यह उनकी पहली मुलाकात थी। दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग, अंतरिक्ष सहयोग, परमाणु ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और नवाचार सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।