आंध्र प्रदेश के सत्यसाई जिले के कम्मलावांडला पल्ली में बुधवार को हुए भीषण विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं।
यह विस्फोट गैस स्टोव में आग लगने के कारण 150 जिलेटिन की छड़ों के फटने से हुआ। विस्फोट के कारण दो घर पूरी तरह ढह गए, जबकि चार घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।
श्री सत्यसाई जिले के पुलिस अधीक्षक एस सतीश ने बताया कि दो कमरों वाले घर में 55 वर्षीय वेंकन्ना गैस स्टोव पर चाय बना रहा था तभी स्टोव और सिलेंडर को जोड़ने वाली पाइप टूट गई। गैस लीक होने से आग गई।
आग के कारण जिलेटिन की छड़ें एक-एक करके फट गईं। आग लगने पर वेंकन्ना और उसके परिवार के छह अन्य सदस्य किसी तरह बच निकलने में कामयाब रहे, लेकिन आग बुझाने के लिए दौड़े करीब 50 लोग विस्फोट की चपेट में आ गए।
पुलिस के अनुसार, वेंकन्ना ड्रिलिंग मशीन से बड़े-बड़े पत्थरों और चट्टानों को तोड़कर अपना जीवन यापन करते हैं और इस प्रक्रिया में वे पत्थरों को तोड़ने के लिए जिलेटिन के छड़ों का उपयोग करते हैं। वेकन्ना के घर में 150 से अधिक जिलेटिन के छड़े रखी हुईं थीं।