‘काकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक का दावा- इंस्टाग्राम पर उनके 94 फीसदी फॉलोअर भारत से…

इंटरनेट मीडिया पर ट्रेंड करने वाले डिजिटल राजनीतिक व्यंग्यात्मक (सटायर) समूह ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर पाकिस्तान और आईएसआई से जुड़े होने का आरोप लगने के बाद इस ग्रुप के संस्थापक ने दावा किया कि इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के 94 प्रतिशत फॉलोअर भारतीय हैं।

इससे पहले कई भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के 49 प्रतिशत फॉओअर पाकिस्तान से हैं। आरोपों के बाद अभिजीत ने डाटा साझा किया।

दरअसल, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने पिछले हफ्ते कहा था कि कुछ युवा कॉकरोच जैसे होते हैं, जो सिस्टम पर ही हमला करने लगते हैं।

अभिजीत को सवालों का भी सामना करना पड़ रहा है

हालांकि प्रधान न्यायाधीश ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किया गया, लेकिन लोगों की नाराजगी दूर नहीं हुई। इसी माहौल में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से बनाया गया ग्रुप इंटरनेट मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।

इस बीच अभिजीत को सवालों का भी सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेता तजिंदर बग्गा ने इसे “पाकिस्तान जनता पार्टी” नाम देते हुए सीजेपी के देशवार इंस्टाग्राम फॉलोअर के आंकड़े साझा किए। इसके अनुसार सीजेपी के 49 प्रतिशत फॉलोअर पाकिस्तान से हैं।

अभिजीत पर आरोप है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट हैं। बग्गा समेत कई यूजर्स ने लीगल राइट्स आब्जर्वेटरी द्वारा 2019 में दर्ज कराई गई शिकायत साझा की है। एलआरओ ने अभिजीत पर “हुर्रियत शैली की अलगाववाद” फैलाने का आरोप लगाया था। हालांकि, इस शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई।

आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं अभिजीत सीजेपी का संस्थापक अभिजीत 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़े रहे और पार्टी की इंटरनेट मीडिया टीम के साथ वालंटियर के रूप में काम किया।

30 वर्षीय अभिजीत ने पुणे में पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है। वह बोस्टन विश्वविद्यालय में जनसंपर्क पाठ्यक्रम में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।

एएनआइ के अनुसार भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पोस्ट किया, अभिजीत आप के कार्यकर्ता हैं। बोस्टन की उनकी यात्रा का खर्च किसने उठाया? क्या सोरोस फाउंडेशन उनके रहने और खाने का खर्च उठा रहा है?

आईएएनएस के अनुसार, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि लोकतंत्र को असहमति की आवाजों को दबाना नहीं चाहिए। लोकतंत्र का सबसे बड़ा गुण जनता की भावनाओं, शिकायतों को व्यक्त करने का मंच प्रदान करना है। इन भावनाओं को प्रकट होने देना राष्ट्रीय हित में है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अभियान

प्रेट्र के अनुसार सीजेपी ने शुक्रवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अभियान शुरू किया। सीजेपी के नए एक्स हैंडल – “कॉकरोच इज बैक” – और इंस्टाग्राम प्लेटफार्म के माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान में शिक्षा क्षेत्र में कथित प्रणालीगत विफलताओं का आरोप लगाया गया है।

पाकिस्तान में बनी कॉकरोच आवामी पार्टी

भारत में सीजेपी के इंटरनेट पर ट्रेंड करने के बाद पाकिस्तान में भी इसी तरह के कई व्यंग्यात्मक संगठन सामने आए हैं। इनमें से एक काकरोच आवामी पार्टी खुद को पाकिस्तान की मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टियों के विकल्प के रूप में पेश कर रही है।

‘काकरोच अवामी पार्टी’ ने खुले तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी’ से प्रेरणा लेने की बात स्वीकार किया है। इस अकाउंट के 1,600 से अधिक फॉलोअर हो चुके हैं।

अभिजीत के माता पिता को सता रहा डर

अभिजीत के माता-पिता इस आशंका से व्याकुल हैं कि उनके बेटे को गिरफ्तार भी किया जा सकता है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले के अभिजीत माता-पिता भगवान और अनीता दिपके ने एक चैनल को बताया कि वे अपने बेटे को राजनीति में आने देने के इच्छुक नहीं थे।

अभिजीत के बारे में जानने के बाद से उनकी नींद उड़ गई है। अभिजीत की मां अनीता ने कहा कि वह चाहती हैं कि उनका बेटा राजनीति से दूर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *