वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर अमेरिका में ड्रग तस्करी के संगीन आरोपों के तहत मुकदमा चलाने की तैयारी तेज हो गई है। मादुरो और अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) के वकीलों ने मिलकर अदालत में एक प्रस्ताव दिया है, जिसमें मुकदमे की शुरुआत जून 2027 से करने की मांग की गई है।
बता दें कि यह संयुक्त प्रस्ताव मैनहट्टन फेडरल कोर्ट में होने वाली सुनवाई से ठीक पहले एक अदालती दस्तावेज के जरिए सामने आया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले को अमेरिका के हालिया इतिहास के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण मुकदमों में से एक माना जा रहा है।
अदालत तय करेगी तारीख
मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों ने जून 2027 की तारीख का प्रस्ताव तो दिया है, लेकिन अंतिम फैसला अमेरिकी जिला न्यायाधीश अल्विन हेलरस्टीन को लेना है। शेड्यूल में आगे बदलाव भी संभव है।
इसी साल अचानक हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ने वेनेजुएला की राजधानी काराकास में एक रात के दौरान बड़ा ऑपरेशन चलाया था। इसमें मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर सीधे न्यूयॉर्क लाया गया था।