यूके में 1990 के दशक के बाल यौन शोषण और तस्करी के गंभीर आरोपों में जमानत पर रिहा पूर्व पाकिस्तानी मंत्री रुखसार अहमद ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की विधानसभा में सीट जीत ली है।
62 वर्षीय रुखसार अहमद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पार्टी से पीओके विधानसभा के सदस्य चुने गए हैं। द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, वे पिछले सप्ताह हुए चुनाव में विजयी रहे। अहमद पिछले पांच साल से सत्ता से बाहर थे।
मामला क्या है?
रुखसार अहमद को जुलाई 2024 में मैनचेस्टर एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि 1990 के दशक में मैनचेस्टर के रुशोलम इलाके में वे एक ग्रूमिंग गैंग का हिस्सा थे और नाबालिग लड़कियों के दुष्कर्म और तस्करी में शामिल थे।
दो महिलाओं ने आरोप लगाया है कि वे नाबालिग थीं तब अहमद ने उनके साथ बलात्कार किया और उनकी तस्करी की।गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस जमानत पर अस्थायी रूप से रिहा कर दिया गया। जांच अभी जारी है।
जमानत का जवाब देने में नाकामी, लेकिन चुनाव प्रचार
जुलाई में अहमद जमानत का जवाब देने में नाकाम रहे। उन्होंने दावा किया कि वे उड़ान भरने के लिए बहुत बीमार हैं। लेकिन इसी दौरान वे पीओके के मीरपुर में कई चुनावी सभाओं में प्रचार करते नजर आए।
रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें अगले छह हफ्तों में जमानत का जवाब देना होगा। ऐसा न करने पर ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर सकती है या प्रत्यर्पण की कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने उन्हें विदेश यात्रा पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन जुलाई 2024 में एक जज ने सख्त शर्तों को खारिज कर दिया था।