आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री करुमुरी नागेश्वर राव को ईडी ने रविवार को मनी लांड्रिंग के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। यह मामला पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान शराब के परिवहन में अनियमितताओं से जुड़ा है।
अधिकारियों ने बताया कि मनी लांड्रिंग रोकने के लिए बने कानून पीएमएलए के तहत नागेश्वर राव को हैदराबाद स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। केंद्रीय जांच एजेंसी शराब परिवहन टेंडरों और वित्तीय लेन-देन में अनियमितताओं की जांच कर रही है।
राव पूर्व वाईएस जगन मोहन रेड्डी सरकार में नागरिक आपूर्ति मंत्री थे। जांच एजेंसी ने इससे पहले तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें नागेश्वर राव के बेटे करुमुरी सुनील कुमार, आंध्र प्रदेश स्टेट बेवरेजेज कारपोरेशन लिमिटेड (एपीएसबीसीएल) के पूर्व प्रबंध निदेशक डोंटीरेड्डी वासुदेवा रेड्डी और राज केसीरेड्डी शामिल हैं।
जून में सुनील की गिरफ्तारी के बाद, ईडी ने विशेष पीएमएलए अदालत को बताया था कि मंत्री का बेटा होने के नाते, उसने अपने सहयोगियों के लिए शराब के ट्रांसपोर्ट के सब-कांट्रैक्ट हासिल किए थे। सुनील और उसके सहयोगियों ने गैर-कानूनी तरीके से आर्थिक लाभ उठाया।
आरोप है कि आरोपितों ने राज्य में शराब के परिवहन में वित्तीय अनियमितता करके सरकारी खजाने को 195.33 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। इस बीच, वाईएसआरसीपी नेताओं ने नागेश्वर राव की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की और इसे तेदेपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया।