सर्वोच्च नामांकन वाले 64 परिषदीय विद्यालयों में इस बार मेधावी छात्रों व उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा। अभिभावकों का सम्मान पहली बार होगा।
यहां ऐसे प्रत्येक विद्यालय काे चुना गया है, जहां बच्चों की संख्या 232 से अधिक है। योगी सरकार विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजन कराने के लिए छह हजार 500 रुपये भी देगी।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक ने बीएसए को इन विद्यालयों की सूची भेज कर कार्यक्रम आयोजन का निर्देश दिया है। सत्र के अंत में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
इसके लिए तय धनराशि एक-दो दिन में विद्यालयों के खाते में भेज दी जाएगी। इसमें पीएमश्री विद्यालय शामिल नहीं होंगे।
सत्र 2025-26 के बजट में योगी सरकार ने इसकी व्यवस्था की है। विद्यालयों में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए नया कार्यक्रम तय किया गया है।
विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक-एक छात्र व छात्रा को सम्मानित किया जाएगा। खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाना प्रस्तावित है।
सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले बच्चे के अभिभावक कार्यक्रम में प्रमुख चेहरा होंगे। प्रबंध समिति की बैठक में प्रतिभाग करने वाले सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।
बच्चों में टाफी, चाकलेट, स्टेशनरी का वितरण होगा। विद्यार्थियों को लंच बाक्स, पानी की बाेतल, ट्रॉफी, ड्राइंग नोटबुक, कैनवास व वाटर कलर, स्टेशनरी, ज्योमैट्रिक व पेंसिल बाक्स, कहानी व महान विभूतियों के जीवन पर आधारित पुस्तक देकर सम्मानित किया जाएगा।
अभिभावकों को शाल, मोमेंटो व हरित पौधा से सम्मानित किया जाएगा। इसमें ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों व विशिष्टजनों को आमंत्रित किया जाएगा। आमंत्रण पत्र बच्चे व शिक्षक बनाएंगे।
कुर्सी व माइक व्यवस्था के लिए एक हजार 500, जलपान व पुरस्कार सामग्री मद में क्रमश: ढाई-ढाई हजार रुपये दिए जाएंगे। बीएसए लालचंद ने बताया कि कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।