सूरजपुर : पोषण ट्रैकर एप के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु…

जिला पंचायत सभा कक्ष में पर्यवेक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में एप के नवीन फीचर्स, ऑनलाइन प्रविष्टि एवं डेटा शुद्धता संबंधी दी गई विस्तृत जानकारी

महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सूरजपुर द्वारा बुधवार को जिला पंचायत सूरजपुर के सभा कक्ष में पोषण ट्रैकर एप विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की समस्त पर्यवेक्षक उपस्थित रहीं और उन्होंने प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पर्यवेक्षकों को पोषण ट्रैकर एप के नवीन फीचर्स, लाभार्थियों की ऑनलाइन प्रविष्टि, डेटा की शुद्धता, नियमित अपडेट तथा एप के प्रभावी संचालन संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा। इस दौरान प्रतिभागियों को एप के विभिन्न मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रदर्शन कर आंगनबाड़ी केन्द्रों से संबंधित जानकारी समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से दर्ज करने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा एप के बेहतर उपयोग हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि पोषण ट्रैकर एप के प्रभावी उपयोग से कुपोषण की निगरानी सुदृढ़ होगी, हितग्राहियों को समय पर सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा विभागीय कार्यों की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता में वृद्धि होगी। सभी पर्यवेक्षकों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने परियोजना क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए एप का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। सभी पर्यवेक्षकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए पोषण ट्रैकर एप के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *