फ्लोरिडा ने ओपनएआई और उसके सीईओ सैम आल्टमैन पर सोमवार को मुकदमा दायर किया।
आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने अपने चैटजीपीटी प्लेटफार्म की सुरक्षा के बारे में गलत जानकारी दी। मुकदमे के अनुसार ओपनएआइ ने बच्चों को नुकसान पहुंचाया है।
फ्लोरिडा ओपनएआइ पर कानूनी कार्रवाई करने वाला अमेरिका का पहला प्रांत है। रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य फ्लोरिडा के अटार्नी जनरल जेम्स उथमेयर ने फ्लोरिडा की अदालत में मुकदमा दायर किया।
मुकदमे में पिछले साल एक विश्वविद्यालय में हुई गोलीबारी और अन्य राज्यों में हुई कई घटनाओं का हवाला दिया गया है, जहां कथित तौर पर चैटजीपीटी ने हमलावरों को जानकारी जुटाने में मदद की थी। उथमियर ने बताया कि मुकदमे में अरबों डालर हर्जाने की मांग की गई है।
ओपनएआई ने अभी इस मामले में टिप्पणी नहीं की है। ओपनएआई को फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी में मारे गए एक व्यक्ति के परिवार द्वारा दायर मुकदमे का भी सामना करना पड़ रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि चैटजीपीटी ने शूटर को हमले की साजिश रचने में सहायता की थी।