फाल्गुन एकादशी के पावन पर्व पर कादंबरी नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर में भव्य निशान यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्याम भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जयकारों, भजनों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
दीपक नगर, सुभाष नगर, आदित्य नगर, गंजपारा (दुर्ग), खुर्सीपार व नेहरू नगर (भिलाई) सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में लगभग 5000 से अधिक निशान अर्पित किए।
भक्त पारंपरिक वेशभूषा में हाथों में ध्वज लेकर भक्ति गीत गाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन बाबा श्याम की अपार कृपा और भक्तों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। निशान यात्रा पूरे नगर में श्रद्धा, सौहार्द और आध्यात्मिक ऊर्जा का संदेश देती है।
आयोजन के दौरान प्रसाद वितरण और भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।
भक्तों ने कामना की कि बाबा के आगामी पाटोत्सव में निशानों की संख्या 11000 तक पहुंचे और सभी श्याम प्रेमियों पर बाबा की कृपा निरंतर बनी रहे।