हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 एयरलाइंस की फ्लाइट में बड़ा हादसा टल गया। अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण विमान करीब चार घंटे तक हवा में ही फंसा रहा, जिससे यात्रियों में डर और घबराहट फैल गई।
फ्लाइट IC3401 दोपहर करीब 3 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई थी और इसे शाम 4.30 बजे हुबली पहुंचना था। लेकिन जैसे ही विमान हुबली के पास पहुंचा, उसमें तकनीकी समस्या आ गई और पायलटों को लैंडिंग रोकनी पड़ी। स्थिति को संभालने के लिए विमान को हवा में ही उड़ाया गया, ताकि सुरक्षित लैंडिंग की तैयारी की जा सके।
यात्रियों में डर और अफरा-तफरी
करीब चार घंटे तक विमान मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा के ऊपर चक्कर लगाता रहा। इस दौरान यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बना रहा। कई यात्री डर के कारण प्रार्थना करने लगे, जबकि कुछ लोग रोने लगे।
विमान के अंदर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और सभी सुरक्षित लैंडिंग का इंतजार करते रहे। वहीं, यात्रियों के परिजनों ने एयरलाइंस पर नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि उन्हें समय पर कोई सही जानकारी नहीं दी गई और स्थिति को लेकर स्पष्ट अपडेट नहीं मिला।
आखिरकार हुई सुरक्षित लैंडिंग
काफी कोशिशों के बाद विमान को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया। शाम करीब 7.30 बजे फ्लाइट ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस घटना के बाद यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। हालांकि, तकनीकी खराबी और जानकारी की कमी को लेकर एयरलाइंस पर सवाल उठ रहे हैं।