फरीदाबाद के एसजीएम नगर में ऑटो पार्ट्स वर्कशॉप में आग, केमिकल ड्रम ब्लास्ट से छत उड़ी; पड़ोस की दीवारें भी हिलीं…

एसजीएम नगर में राजा चौक के पास ऑटो पार्ट्स बनाने की एक वर्कशाॅप में सुबह करीब 11 बजे आग लग गई। इस दौरान वर्कशाॅप में केमिकल से भरा एक ड्रम फट गया, जिससे तेज ब्लास्ट हुआ और वर्कशाप की टिन की छत उड़ गई। ब्लास्ट इतना तेज था कि आस-पास के घरों की दीवारें हिल गईं।

वर्कशाॅप की छत पर रखी टिन के टूकड़े दूर तक जाकर गिरे। इस आग से एक कर्मचारी के झुलसने की सूचना है। यहां संकरी गली होने के कारण फायर ब्रिगेड की बड़ी गाड़ी को भी फैक्ट्री तक पहुंचने में परेशानी हुई।

इसके बाद छोटी गाड़ी मौके पर बुलाई गई, वह वर्कशाॅप तक पहुंची। उस गाड़ी के जरिये पानी की बौछार कर आग बुझाई गई। यह वर्कशाॅप एनआईटी पांच निवासी प्रदीप की बताई जा रही है।

आग के कारण का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। करीब एक महीने पहले मुजेसर में भी एक फैक्ट्री में आग लगी थी।

इस दौरान फैक्ट्री में रखे 10 से अधिक केमिकल के ड्रमों में ब्लास्ट हुआ था, जिनसे करीब 15 लोग झुलस गए थे। इनमें से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *