फ्रांस में भीषण वनाग्नि के दौरान पहली बार दिखा ‘फायर क्लाउड’, खतरे की नई चेतावनी…

फ्रांस के जंगलों में लगी भयानक आग के दौरान अग्निशमन कर्मियों का सामना एक ऐसी खतरनाक घटना से हुआ जिसे उनमें से कई ने पहले कभी नहीं देखा था। यह घटना है पाइरोक्यूम्यलोनिम्बस या फायर क्लाउड (आग वाला बादल)।

आग से बनने वाले ये बादल बड़ी आग या ज्वालामुखी फटने से निकलने वाली तेज गर्मी से बनते हैं। इनसे बिजली कड़कती है व जलते हुए अंगारे निकलते हैं जिनसे और आग लग सकती है। साथ ही इनसे तेज एवं अनिश्चित हवाएं चलती हैं जो आग को और भड़काती हैं व अंगारों को फैलाती हैं।

लेकिन इनसे बारिश शायद ही कभी होती है। गिरोंडे इलाके में फायर और इमरजेंसी सर्विस के निदेशक मार्क वर्म्यूलेन ने रविवार को प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि वीकेंड के दौरान फ्रांस के सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाकों में से एक में एक फायर क्लाउड की वजह से और आग लग गई।

फ्रांस के नेशनल फायरफाइटर्स फेडरेशन के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एरिक ब्रोकार्डी ने एएफपी को बताया, “हालांकि कनाडा और आस्ट्रेलिया में इस तरह की आग अक्सर लगती रहती है, लेकिन फ्रांस में यह पहली बार हुआ है।”

अग्निशमन कर्मियों के लिए बड़ी चुनौती

फायर क्लाउड की घटना अग्निशमन कर्मियों के लिए बहुत बड़ी चुनौतियां पैदा करती है। नासा के अनुसार, ये बादल आग बुझाने की कोशिशों में रुकावट डालते हैं और समुदायों को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं।

फ्रांस और स्पेन में अग्निशमन कर्मियों ने सोमवार को बेहतर मौसम का फायदा उठाते हुए जंगलों में लगी भीषण आग पर काबू पाने की कोशिश की। दोनों देश आग बुझाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं क्योंकि इस हफ्ते के आखिर में दोनों देशों में एक और हीटवेव आने की आशंका है। पश्चिमी यूरोप में इस बार गर्मी का मौसम बहुत गर्म और शुष्क रहा है।

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दी चेतावनी

फ्रांस में लगभग 2,20,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है, जबकि स्पेन में एक लाख लोगों को अपने घर छोड़ने या सुरक्षित ठिकाना तलाशने के लिए कहा गया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने चेतावनी दी है कि आने वाले हफ्ते मुश्किल भरे होंगे। उन्होंने अग्निशमन कर्मियों से कहा, “हमें डटे रहना होगा। हम मिलकर यह लड़ाई जीतेंगे। पूरा देश आपके साथ है।”

स्पेन में आग बुझाने के काम में तुर्किये, इटली और ग्रीस के विमानों के साथ-साथ पुर्तगाल की टीम भी शामिल हो रही है। पेरिस के अनुरोध पर स्विट्जरलैंड, फ्रांस की मदद के लिए दो सुपर प्यूमा हेलीकाप्टर व उनके क्रू भेज रहा है। फ्रांस में यह आग पेरिस से चार गुना बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले चुकी है।

जबकि मैड्रिड के पश्चिम में अविला के पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में लगी आग स्पेन के इतिहास की सबसे बड़ी आग बन गई है। इसके चपेट में आया क्षेत्र बार्सिलोना के आकार से पांच गुना बड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *