सेक्टर-56 स्थित बीपीसीएल सोसायटी और सेक्टर-75 की फ्यूटेक गेटवे सोसायटी के फ्लैटों में बृहस्पतिवार सुबह अचानक आग लग गई।
वहीं आग की तीसरी घटना सेक्टर-63 की एक फैक्टरी में हुई।
दोनों फ्लैट में आग लगने से चारों तरफ धुआं भर गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना के बाद अग्निशमन कर्मियों ने दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि बीपीसीएल सोसायटी में टावर के सातवें तल पर फ्लैट में विपुल श्रीवास्तव परिवार के साथ रहते हैं।
शाम पांच बजे करीब उनके एसी में अचानक आग लगने से धुआं भर गया, जिससे परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन कर्मियों ने सोसायटी में लगे यंत्र और पंपिंग की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया।
सेक्टर-75 स्थित फ्यूटेक गेटवे सोसायटी में टावर नंबर-ए वन के फ्लैट में लगे एसी के कंप्रेसर में दोपहर 3:32 बजे आग लग गई। सूचना के बाद अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू किया। शुरुआती जांच में अधिक लोड और गर्मी के कारण तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
फायर होज रील सिस्टम की मदद से आग को नियंत्रित किया
कर्मचारियों ने फायर होज रील सिस्टम की मदद से आग को नियंत्रित किया। गनीमत रही कि हादसे के दौरान परिवार के लोग समय से बाहर निकल चुके थे। इनके अलावा सेक्टर-63 स्थित एच ब्लाक में इंफोसेडार टेक्नोलाजी प्राइवेट लिमिटेड नाम से साफ्टवेयर कंपनी है।
शाम करीब छह बजे अचानक आग तेज धुआं और लपटें निकलने लगीं। जांच में पता चला कि कंपनी में पीछे रखे फर्नीचर, एसी और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों में आग लग गई थी। समय रहते कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अग्निशमन कर्मियों ने कंपनी में घुसकर कई दिशाओं से पानी की बौछार शुरू की। करीब एक घंटे की लगातार कार्रवाई के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पाकर बड़े हादसे को टाल दिया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।