वित्त मंत्रालय ने जताई चिंता, ईंधन की बढ़ती कीमतें और कमजोर मानसून बढ़ा सकते हैं महंगाई का दबाव…

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को अपनी मासिक रिपोर्ट में कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि और मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के कारण खुदरा महंगाई में बढ़ोतरी हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान जारी है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के बाहरी और मूल्य दृष्टिकोण के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान की अवधि सबसे बड़ा एकल कारक बनी हुई है।

ऊपरी मूल्य दबावों में तेज वृद्धि के साथ ही हाल की ईंधन कीमतों में वृद्धि आने वाले महीनों में परिवहन, ऊर्जा और खाद्य संबंधित लागतों के माध्यम से खुदरा महंगाई में धीरे-धीरे वृद्धि का संकेत देती है।

इसके अलावा बारिश की कमी और वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण खाद्य महंगाई में वृद्धि हो सकती है, जिससे ग्रामीण मांग और समग्र विकास कमजोर हो सकता है। हालांकि, भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए निकट-अवधि का दृष्टिकोण सतर्क लचीलेपन का है।

रिपोर्ट में क्या कहा गया?

रिपोर्ट में कहा गया है कि ऊंची वैश्विक ऊर्जा कीमतों, रुपये में गिरावट, बढ़ते लागत दबावों और सामान्य से कम मानसून की संभावना को देखते हुए लगातार नीतिगत सतर्कता की आवश्यकता है।

अप्रैल 2026 में खुदरा महंगाई मामूली बढ़कर 3.48 प्रतिशत रही है और यह अब तक आरबीआइ के लक्ष्य से नीचे बनी हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अप्रैल 2026 में भारतीय अर्थव्यवस्था ने अपनी विकास गति को बनाए रखा, जिसमें ई-वे बिल जेनरेशन, पीएमआइ इंडेक्स और बिजली की खपत में वृद्धि रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *