समस्तीपुर में ‘जेन जी’ आंदोलन की आशंका, पुलिस अलर्ट; कोचिंग संचालकों और छात्र नेताओं से पूछताछ…

जेन जी आंदोलन की संभावित गतिविधियों की भनक लगते ही समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हो गई है।

जिले के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने की बात सामने आ रही है। कोचिंग संस्थानों के संचालकों से लेकर छात्र-छात्राओं और छात्र नेताओं तक से आंदोलन से जुड़ी गतिविधियों, संभावित बैठकों और आपसी संपर्क के संबंध में जानकारी जुटाई गई है।

कोचिंग संचालकों से पूछताछ

पुलिस विशेष रूप से युवाओं के बीच चल रही चर्चाओं और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित संदेशों पर नजर रख रही है। कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर संचालकों से छात्रों की गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की गई।

कुछ छात्र-छात्राओं से भी यह जानने का प्रयास किया गया कि आंदोलन को लेकर किसी बैठक, जुटान या कार्यक्रम की तैयारी तो नहीं चल रही है।

छात्र नेताओं की गतिविधियों पर नजर

पुलिस की निगाह छात्र नेताओं और कोचिंग संचालकों की गतिविधियों पर भी है। अलग-अलग छात्र संगठनों से जुड़े युवाओं से आंदोलन को लेकर उनकी भूमिका और तैयारियों के संबंध में जानकारी लिए जाने की चर्चा है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं किसी संगठित समूह की ओर से युवाओं को एकजुट करने या किसी कार्यक्रम के लिए जुटाने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा है।

इंटरनेट मीडिया की निगरानी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवाओं को प्रभावित करने वाले संगठित समूहों और इंटरनेट मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

आंदोलन के नाम पर भ्रामक जानकारी, अफवाह या उकसाने वाली सामग्री प्रसारित किए जाने की भी जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक किसी व्यापक आंदोलन या संगठित गुट के सक्रिय होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सक्रियता से चर्चा तेज

पुलिस की पूछताछ और निगरानी की खबर के बाद जिले में इसकी चर्चा तेज हो गई है। बताया गया कि पुलिस को ऐसी जानकारी मिली थी कि कुछ कोचिंग संचालक छात्रों को आंदोलन के लिए तैयार कर रहे हैं। इसके बाद जिला पुलिस कप्तान के स्तर से भी मामले पर नजर रखी जा रही है।

सोमवार की देर शाम से मंगलवार की देर शाम तक अलग-अलग स्थानों पर संबंधित लोगों से पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। जिले में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस की सक्रियता आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *