इंटरनेट की दुनिया के चर्चित और विवादित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एंड्रयू टेट और उनके भाई ट्रिस्टन टेट को अमेरिकी फेडरल अथॉरिटीज ने शनिवार को मियामी से गिरफ्तार कर लिया है। अमेरिकी मार्शल सर्विस ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
गिरफ्तारी तो हुई, लेकिन आरोप अब भी गुप्त
अमेरिकी मार्शल सर्विस ने बताया कि दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया गया है, लेकिन उन्हें किस जुर्म में पकड़ा गया है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। एजेंसी के प्रवक्ता ब्रेडी मैककैरोन के मुताबिक, जिस अरेस्ट वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है, उसे अभी गुप्त रखा गया है।
ब्रिटेन में दर्ज हैं बेहद गंभीर मामले
हालांकि अमेरिका में गिरफ्तारी की वजह साफ नहीं है, लेकिन दोनों भाई ब्रिटेन की पुलिस के लिए वांटेड हैं। वहां उन पर महिलाओं को धोखे से फंसाने और उनका शोषण, यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप हैं।
बता दें कि दोनों भाई इंटरनेट पर महिलाओं को लेकर अपनी विवादित टिप्पणियों को बढ़ावा देने वाले कंटेंट के लिए जाने जाते हैं, जिसके चलते सोशल मीडिया पर उनके करोड़ों फॉलोअर्स हैं।
किस कारण हुई गिरफ्तारी, अभी साफ नहीं वजह
गौरतलब है कि अमेरिकी अधिकारियों ने अभी तक इस मामले पर कोई और जानकारी नहीं दी है। उन्होंने यह भी साफ नहीं किया है कि यह गिरफ्तारी ब्रिटेन में चल रहे मुकदमों की वजह से हुई है या इसके पीछे अमेरिका का कोई नया मामला है।