ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में पिछले साल हुए बोंडी बीच हमले के दौरान बहादुरी दिखाकर हमलावर को काबू करने वाले अहमद अल-अहमद अब कानूनी विवाद में घिर गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अहमद पर अपने पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है।
ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टर ABC की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कथित घटना मार्च में सिडनी के दक्षिण-पश्चिम स्थित बैंकस्टाउन इलाके के एक घर में हुई थी। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने बताया कि 15 मार्च 2026 को उन्हें 9 मार्च को हुए एक कथित हमले की शिकायत मिली थी।
पुलिस के अनुसार, 44 वर्षीय एक व्यक्ति पर कॉमन असॉल्ट और स्टॉकिंग के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने आरोपी या पीड़ित की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। आरोपी को 29 जून को बैंकस्टाउन लोकल कोर्ट में पेश होना है।
बोंडी हमले में बने थे हीरो
अहमद अल-अहमद उस समय सुर्खियों में आए थे जब दिसंबर में बोंडी में एक यहूदी कार्यक्रम पर हुए आतंकी हमले के दौरान उन्होंने एक हमलावर से हथियार छीनने की कोशिश की थी। इस दौरान उन्हें कई गोलियां लगी थीं।
इस हमले में 15 लोगों की मौत हुई थी और दर्जनों घायल हुए थे। ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने इसे यहूदी विरोधी आतंकवादी हमला बताया था। अहमद की बहादुरी की देशभर में सराहना हुई थी और उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से भी मुलाकात की थी। उनके समर्थन में शुरू किए गए फंडरेज़र में लगभग 25 से 30 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर जुटाए गए थे।
अहमद ने आरोपों को बताया झूठा
अहमद अल-अहमद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए ABC से कहा, “यह पूरी तरह फर्जी जानकारी है… इसमें कोई सच्चाई नहीं है।”