नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने घरेलू झगड़ों के बाद सुपारी किलर से अपने पति की हत्या कराने वाली महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने एक और आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित 45 वर्षीय गणेश बोरकर पर दो जुलाई की रात भंडवाड़ी के पास चाय की दुकान से घर लौटते समय धारदार हथियारों से हमला किया गया था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पीड़ित की मां की शिकायत के आधार पर भंडवाड़ी पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने भंडवाड़ी पुलिस के साथ मिलकर काम किया और तकनीकी सुबूतों, स्थानीय खुफिया जानकारी और परिवार के सदस्यों के बयानों का विश्लेषण किया।
पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं को परिवार में अक्सर होने वाले झगड़ों के बारे में पता चला। इसके बाद पीड़ित की पत्नी पर शक हुआ। पुलिस ने आरोपित की पहचान 37 वर्षीय मनीषा बोरकर के रूप में की। पूछताछ के दौरान उसने हत्या कराने की बात कुबूल कर ली।
जांचकर्ताओं के अनुसार, वह घरेलू झगड़ों के बाद अपने बच्चों के साथ अलग रह रही थी। उसने अपने पति की हत्या के लिए सुपारी किलर को एक लाख रुपये दिए थे। इस संबंध में मनीषा और 29 वर्षीय अभिजीत सखारे को गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं।