तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में बालाजी फायर वर्क्स फैक्ट्री में शुक्रवार को जबरदस्त धमाका हो गया। हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई जबकि 26 अन्य कर्मचारी घायल हो गए। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना एट्टायपुरम के पास अयन राजापट्टी स्थित बालाजी फायर वर्क्स फैक्ट्री में हुई। जब कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी अचानक धमाका हो गया। मृतका की पहचान मरियम्मल के रूप में हुई है। वह नथाथुपट्टी गांव की निवासी थीं और फैक्ट्री में मजदूरी करती थीं।
घायलों का हाल
26 घायल कर्मचारियों को तुरंत सत्तूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों ने इलाज के लिए उन्हें निगरानी में रखा है।
फैक्ट्री को भारी नुकसान
धमाके में फैक्ट्री के तीन कमरे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दो कमरों को आंशिक क्षति पहुंची है। इन कमरों के गिरने का खतरा बना हुआ है। कोविलपट्टी और विलाथिकुलम से फायर और रेस्क्यू सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। बचाव दल मलबे की तलाशी ले रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई और कर्मचारी अंदर तो नहीं फंसा है।