पहले पखवारे में गर्मी से राहत देने वाला मौसम अब मई के दूसरे पखवारे में तेवर दिखाने लगा है। तेज धूप और पछुआ हवा के असर से शहर का तापमान लगातार बढ़ने लगा है।
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकार्ड हो सकता है। ऐसे में दिन में तेज धूप लोगों को परेशान करेगी। रात को उमस भरी गर्मी पढ़ेगी।
शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। दोपहर तक गर्मी का तेवर चढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते दिन की तुलना में करीब तीन डिग्री अधिक रहा।
वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 24.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गुरुवार को यह 22.9 डिग्री सेल्सियस था। आर्द्रता का स्तर 49 से 70 प्रतिशत के बीच रहने के चलते हीट इंडेक्स बढ़ गया और लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी का अहसास हुआ।
मौसम विज्ञानी का कहना है कि पछुआ हवा के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।