भारतीय आमों के स्वाद पर अमेरिकी भी फिदा हो गए हैं, जहां दो घंटे में पूरा स्टॉक बिक गया और खास किस्मों की जबरदस्त मांग देखने को मिली…

अमेरिकी शहरों में भारतीय आमों की धूम मची है। अमेरिकी इसकी लोकप्रिय किस्मों को खूब पसंद कर रहे हैं।

सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने शुक्रवार को ‘मैंगो मैजिक: भारतीय आमों का प्रमोशन और टेस्टिंग इवेंट’ का दूसरा संस्करण आयोजित किया।

अमेरिका में भारतीय आमों का जादू

इस कार्यक्रम में भारतीय फलों के 100 से अधिक बड़े इंपोर्टर्स ने हिस्सा लिया, जिनमें कास्टको जैसी अमेरिकी रिटेल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। उन्होंने वहां प्रदर्शित किए गए भारतीय आमों की सात बेहतरीन किस्मों को चखा।

इनमें महाराष्ट्र के अल्फांसो और केसर, आंध्र प्रदेश के बंगनपल्ली और हिमायत, उत्तर प्रदेश के लंगड़ा और दशहरी, तथा गुजरात का राजापुरी आम थे।

गौरतलब है कि मई 2026 के तीसरे हफ्ते में कास्टको ने ग्रेटर सिएटल इलाके (सिएटल, किर्कलैंड, इसाक्वा, वुडिनविले, लिनवुड और रेडमंड) में मौजूद अपने स्टोर में भारतीय केसर आमों की पहली खेप मंगवाई थी।

इसके बाद, इन आमों को लास वेगास के कास्टको आउटलेट्स और न्यू जर्सी व ग्रेटर लास एंजिल्स इलाके की कई जगहों पर भी बेचा गया।

खबरों के मुताबिक, कास्टको के प्रतिनिधियों ने देखा कि इन जगहों पर शेल्फ पर आमों के पहुंचने के दो घंटे के भीतर ही सारे आम बिक गए थे। इससे पता चलता है कि अमेरिकी बाजार में भारतीय आमों की कितनी जबरदस्त मांग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *