एथनॉल आपूर्ति से किसानों की आय में 1.66 लाख करोड़ रुपये का इजाफा, अमित मालवीय बोले- E20 पहल की बड़ी सफलता…

एथनॉल ब्लेंडिंग यानी पेट्रोल में एथनॉल मिलाने को लेकर चिंताओं के बीच भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने शनिवार को कहा कि 20 प्रतिशत एथनॉल ब्लेंडिंग (E20) भारत की सबसे बड़ी नीतिगत सफलताओं में से एक है।

उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ी है, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हुई है और आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम हुई है। उन्होंने दावा किया कि एथनॉल आपूर्ति से किसानों को 1.66 लाख करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

मालवीय ने एक्स पर पोस्ट किया, राजनीतिक फायदे के लिए पक्षपाती आलोचना के बजाय एथनॉल ब्लेंडिंग का मूल्यांकन समग्र और साक्ष्यों पर आधारित तरीके से किया जाना चाहिए। ई20 पहल ने किसानों के कल्याण, ग्रामीण विकास, सहकारी संस्थाओं, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण की स्थिरता को मजबूत किया है।

सरकारी डाटा का हवाला देते हुए मालवीय ने कहा कि एथनॉल आपूर्ति से किसानों को लगभग 1.66 लाख करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

एथनॉल आपूर्ति वर्ष 2014-15 से कच्चे तेल के आयात में कमी लाकर 1.98 लाख करोड़ रुपये विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिली है। इस पहल से कार्बन डाइआक्साइड उत्सर्जन में 952 लाख मीट्रिक टन की कमी आई है।

मालवीय ने कहा कि एथनॉल इकानमी ने कमाई का अतिरिक्त ज़रिया बनाकर चीनी मिलों के कैश फ्लो में सुधार किया है, जिससे गन्ना किसानों को तेजी से भुगतान संभव हो पाया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 2024-25 सत्र के लिए गन्ने का 99.5 प्रतिशत बकाया पहले ही चुका दिया गया है।

उन्होंने कहा कि एथनॉल उत्पादन से मक्का उगाने वालों के लिए अतिरिक्त बाजार बना है, जिससे मांग और कीमत तय करने की प्रक्रिया में सुधार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि खाद्य सुरक्षा की सभी जरूरतों को पूरा करने के बाद, एथनॉल उत्पादन के लिए केवल फूड कारपोरेशन आफ इंडिया (एफसीआइ) के अतिरिक्त चावल का ही इस्तेमाल किया जा रहा है।

गाड़ियों पर ई20 ईंधन के असर को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज करते हुए मालवीय ने कहा कि ई20 की वजह से जंग लगने या इंजन के असामान्य रूप से घिसने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *