अमेरिका में चीन की ‘साइलेंट किलर’ की एंट्री, एशियन नीडल एंट से हड़कंप; 20 राज्यों में अलर्ट जारी…

अमेरिका में चीन से आई एक खतरनाक चींटी तेजी से फैल रही है, जिससे स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ‘एशियन नीडल एंट’ नाम की यह छोटी, गहरे भूरे से काले रंग की चींटी अब अमेरिका के कम से कम 20 राज्यों में पाई जा चुकी है।

इन राज्यों में फ्लोरिडा, जॉर्जिया, टेक्सास, न्यूयॉर्क, पेंसिल्वेनिया के अलावा मैसाचुसेट्स और विस्कॉन्सिन जैसे उत्तरी इलाके भी शामिल हैं। हालांकि यह चींटी अमेरिका में 90 साल पहले भी पाई गई थी, लेकिन हाल के वर्षों में इसकी संख्या तेजी से बढ़ी है।

यह चींटी आम चींटियों की तरह दिखाई देने वाले टीले (एंथिल) नहीं बनाती, बल्कि पत्तों के ढेर, सड़े हुए लकड़ी के टुकड़ों और जंगलों में छिपकर रहती है, जिससे लोगों का इसके संपर्क में आना आसान हो जाता है।

डंक से तेज दर्द, एलर्जी वालों के लिए खतरनाक

इस चींटी का डंक काफी दर्दनाक होता है, जो कई घंटों तक आता-जाता रह सकता है। कुछ मामलों में दर्द डंक वाली जगह से आगे भी फैल जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, जिन लोगों को एलर्जी होती है, उनमें इसका डंक ‘एनाफिलेक्सिस’ जैसी गंभीर और जानलेवा प्रतिक्रिया भी पैदा कर सकता है।

इसकी सूई जैसी डंक कपड़ों को भी भेद सकती है। हांगकांग विश्वविद्यालय के कीट वैज्ञानिक बेनोइट गुएनार्ड ने कहा कि इसका डंक ऐसा लगता है जैसे किसी ने सीधे शरीर में सुई चुभा दी हो।

आक्रामक नहीं, फिर भी सावधानी जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि यह चींटी स्वभाव से आक्रामक नहीं होती और तभी काटती है जब उसे खतरा महसूस होता है। यह फायर एंट्स की तरह बड़े स्तर पर खतरा नहीं है, लेकिन फिर भी सावधानी जरूरी है।

अमेरिकी कृषि विभाग ने सलाह दी है कि बाहर काम करने वाले लोग दस्ताने पहनें और अगर ऐसी चींटी दिखे तो सावधानी से दूरी बना लें। विभाग का कहना है कि अन्य विदेशी प्रजातियों की तरह यह चींटी अब अमेरिका में स्थायी रूप से बस चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *