अमेरिका के पेनसिल्वेनिया राज्य में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है।
यहां एक व्यक्ति ने पत्नी के साथ हुए झगड़े के बाद गुस्से में अपने ही घर पर एक्सकेवेटर (खुदाई मशीन) चढ़ा दिया। उस समय उसकी पत्नी और दो बेटियां घर के अंदर मौजूद थीं।
आरोपी की पहचान 48 वर्षीय एरिक पियरव्जा के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शराब पीने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान पत्नी ने उससे कहा कि हमारी शादी अब खत्म हो चुकी है। यह सुनते ही उसका पति एरिक भड़क गया और धमकी दी कि यदि सब खत्म हो गया है, तो मैं घर ही तोड़ दूंगा।
इसके बाद वह एक्सकेवेटर में बैठ गया और घर के पिछले हिस्से को तोड़ना शुरू कर दिया। मशीन की टक्कर से दीवारें और घर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। जांच अधिकारियों का कहना है कि नुकसान इतना ज्यादा है कि पूरा मकान अब रहने लायक नहीं बचा हो सकता।
घटना के दौरान पत्नी ने 911 पर कॉल कर मदद मांगी। कॉल रिकॉर्डिंग में एक्सकेवेटर के घर से टकराने की तेज आवाजें साफ सुनी जा सकती हैं। तोड़फोड़ करने के बाद एरिक घर के अंदर गया, अपना जिम बैग उठाया और वहां से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर कैटास्ट्रोफी फैलाने लापरवाही से लोगों की जान खतरे में डालने और अव्यवस्था फैलाने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। उसकी पत्नी अब उसके खिलाफ प्रोटेक्शन ऑर्डर लेने की तैयारी कर रही है।
इस घटना से इलाके के लोग भी हैरान हैं। एक पड़ोसी ने कहा, “42 साल की शादी में मैंने कभी घर तोड़ने की धमकी नहीं दी। मैं जानना चाहता हूं कि आखिर पत्नी ने ऐसा क्या कहा था।” मामले की अगली सुनवाई 9 जून को होगी।