‘बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा’, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर प्रधानमंत्री मोदी का बयान सामने आया…

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के लिए नए घोषित फ्रेमवर्क की तारीफ करते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच पार्टनरशिप की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दिखाता है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भारत और अमेरिका के लिए बहुत ही अच्छी खबर!”

राष्ट्रपति ट्रंप को दिया धन्यवाद

पीएम मोदी ने आगे लिखा, “हमने अपने दोनों महान देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति जताई है। मैं हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों के प्रति अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देता हूं।”

‘बड़े पैमाने पर पैदा होगा रोजगार’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह फ्रेमवर्क हमारी साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दिखाता है। यह भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, MSMEs, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों और अन्य लोगों के लिए नए अवसर खोलकर ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूत करता है। इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होगा।”

पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, “भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह फ्रेमवर्क हमारे बीच निवेश और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और गहरा करेगा।”

साथ ही उन्होंने कहा, “यह फ्रेमवर्क मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन को भी मजबूत करेगा और वैश्विक विकास में योगदान देगा। जैसे-जैसे भारत एक विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, हम ऐसे वैश्विक पार्टनरशिप बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो भविष्य-उन्मुख हों, हमारे लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि में योगदान दें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *