अमेरिका के कैलिफोर्निया में कम वेतन से असंतुष्ट एक कर्मचारी ने कंपनी के 12 लाख वर्ग फुट वाले गोदाम में आग लगा दी। उसने आग लगाने के लिए टायलेट पेपर का इस्तेमाल किया।
सीबीएस न्यूज ने कहा है कि गिरफ्तार किए गए चमेल अब्दुलकरीम की पहचान एनएफआई इंडस्ट्रीज के 29 वर्षीय कर्मचारी के रूप में हुई है।
यह ओंटारियो स्थित गोदाम को किम्बर्ली-क्लार्क के वितरण केंद्र के रूप में संचालित करती है।
वीडियो बनाकर फेसबुक पर डाला
लॉस एंजिलिस टाइम्स के अनुसार, अब्दुलकरीम ने अपने फेसबुक पेज पर कई वीडियो साझा किए हैं, जिनमें एक व्यक्ति को गोदाम में आग लगाते दिखाया गया है।
ये वीडियो संभवत: अब्दुलकरीम द्वारा ही बनाए गए हैं। वीडियो में कैमरे के पीछे खड़े व्यक्ति का चेहरा तो नहीं दिख रहा है, लेकिन उसके हाथ में लाइटर और सिगरेट जैसी कोई चीज है।
आग लगाने के लिए टॉयलेट पेपर के रोल का किया इस्तेमाल
वीडियो में लिखा है, ”हमें जीने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं मिलते, लेकिन ये चीजें तो बहुत सस्ती हैं।”
एक अन्य वीडियो में वह कहता है, ”अगर आप हमें जीने लायक पर्याप्त वेतन नहीं दे रहे हैं, तो कम से कम इतना तो दे दीजिए कि हम ऐसा न करें,” और साथ ही वह टायलेट पेपर के एक रोल में आग लगा देता है।
ओंटारियो फायर डिपार्टमेंट के डिप्टी चीफ माइक वेडेल ने बताया कि आग बुझाने में 140 से अधिक कर्मी शामिल थे। किम्बर्ली-क्लार्क ने कहा कि गोदाम में लगी आग से टायलेट पेपर या डायपर की कमी या किसी भी प्रकार की आपूर्ति में बाधा नहीं आएगी।