“रियाद हवाई अड्डे पर हूती हमले में मारे गए भारतीय मोहम्मद यूसुफ अली का अंतिम संस्कार; सऊदी अरब में भारतीयों के लिए दूतावास ने जारी की नई सुरक्षा एडवाइजरी”…

सऊदी अरब की राजधानी रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूती के मिसाइल हमले में मारे गए भारतीय नागरिक मुहम्मद यूसुफ अली को सोमवार को धार्मिक रीतियों के अनुसार रियाद में ही दफना दिया गया।

अंतिम संस्कार के मौके पर रियाद में भारत के राजदूत विपुल और अन्य दूतावास अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राजदूत और अन्य राजनयिकों ने दिवंगत यूसुफ अली को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारीजनों को सांत्वना दी।

भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राजदूत ने पीड़ित परिवार को पूरी सहायता का आश्वासन दिया है। विदित हो कि शनिवार को एयरपोर्ट पर हुए हूती के हमले में यूसुफ अली की मौत हो गई थी और परिवार के तीन लोग घायल हुए थे।

हूती के हमलों के बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। कहा है कि लोग शांत रहे, जागरूक रहें और बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।

दूतावास ने लोगों से कहा है कि सऊदी शहरों में होने वाली घटनाओं के वीडियो या समाचार इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट न करें, न ही उन्हें अपने परिचित-रिश्तेदार के पास भेजें।

इस सिलसिले में लोग सऊदी प्रशासन के नियमों का पालन करें। इसके अतिरिक्त लोगों को दूतावास के संपर्क में रहने और किसी असामान्य घटना से अवगत कराने की सलाह दी गई है।

उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब पर हुए हूती के हमलों में अभी तक एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है और 10 घायल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *