SpaceX की उड़ान के साथ एलन मस्क की संपत्ति ने छुआ नया शिखर, दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर व्यक्ति बनने का दावा…

स्पेसएक्स के नेस्डेक में सूचीबद्ध होते ही एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर व्यक्ति बन गए हैं। समूह की अन्य कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी को मिला लें तो उनकी कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर आंकी गई है।

कंपनी ने स्पेसएक्स के आइपीओ का मूल्य 135 डॉलर प्रति शेयर तय किया था। शुक्रवार को यहां 150 डॉलर पर कंपनी का शेयर सूचीबद्ध हुआ और थोड़ी ही देर में 164 डॉलर पर पहुंच गया। इस तरह स्पेसएक्स अमेरिका की छठी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है।

दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर व्यक्ति बने एलन मस्क

मस्क की रॉकेट और सेटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स दुनिया का सबसे बड़ा आइपीओ लाकर 75 अरब डॉलर जुटाए हैं। आइपीओ मूल्य पर कंपनी का मूल्यांकन 1.77 ट्रिलियन डॉलर था।

कंपनी ने आइपीओ के जरिये 55.50 करोड़ से ज्यादा शेयर बेचे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार आइपीओ का सबसे ज्यादा फायदा मस्क को हुआ।

स्पेसएक्स से पहले सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको दुनिया का सबसे बड़ा आइपीओ लेकर आई थी। उसने आइपीओ के जरिये 29 अरब डॉलर से ज्यदा जुटाए थे और इस तरह कंपनी की वैल्यूएशन 1.7 ट्रिलियन डॉलर हो गई थी।

अमेरिकी प्रतिभूति बाजार में जमा किए गए दस्तावेज के अनुसार स्पेसएक्स का पहली तिमाही में राजस्व 15 प्रतिशत बढ़कर 4.69 अरब डॉलर हो गया, जो एक साल पहले 4.07 अरब डॉलर था।

मस्क के पास सुपर-वोटिंग शेयर के जरिये स्पेसएक्स के 85 प्रतिशत से ज्यादा शेयरधारक वोट का नियंत्रण है। स्पेसएक्स के अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक और चैटजीपीटी बनाने वाली ओपेनएआइ ने भी आइपीओ लाने के लिए गोपनीय तरीके से दस्तावेज जमा किए हैं। इनमें से प्रत्येक कंपनी की वैल्यूएशन करीब एक ट्रिलियन डॉलर के करीब है।

400 कर्मचारियों के 10 करोड़ डॉलर से ज्यादा कमाने की उम्मीद सैन फ्रांसिस्को के एक इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म हिलडॉटकॉम के एक विश्लेषण में अनुमान लगाया गया है कि 4,400 से ज्यादा मौजूदा और पुराने स्पेसएक्स कर्मचारी भी आइपीओ से करोड़पति बन सकते हैं।

माना जा रहा है कि लगभग 400 कर्मचारी ऐसे होंगे, जिनके 10 करोड़ डॉलर या उससे ज्यादा कमाने की उम्मीद है। मस्क ने 2002 में स्पेसएक्स शुरू किया था और आंशिक रूप से पुन: प्रयोग होने वाले राकेट और एक सेटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक के साथ अंतरिक्ष उद्योग को नई पहचान दी है।

मस्क की कंपनी टेस्ला ने दिया है 20 हजार प्रतिशत का रिटर्न

मस्क इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी कंपनी टेस्ला के भी सर्वेसर्वा है। 2010 में सार्वजनिक होने के बाद से टेस्ला शेयरधारकों को 20 हजार प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की कमाई में 1.2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा बढ़ी है। फाइनेंशियल टाइम्स ने कुछ दिनों पहले बताया था कि गोल्डमैन सैक्स ने एक संभावित निवेशक से कहा था कि उसे उम्मीद है कि 2030 में स्पेसएक्स का कुल राजस्व 474 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा।

ऐसे समझें एक ट्रिलियन डॉलर वैल्यूएशन की कीमत

एमेजोन के संस्थापक जेफ बेजोस, ओरेकल के संस्थापक लैरी एलिसन और गूगल के संस्थापक लैरी पेज और सर्गेई बिन की संयुक्त संपत्ति एक ट्रिलियन डॉलर से थोड़ी ही ज्यादा है।

दुनियाभर की 50 सबसे कीमती स्पोर्ट्स टीम की कुल कीमत 353 अरब डॉलर है और यह मस्क की कुल संपत्ति का लगभग एक तिहाई बैठता है।

पिछले साल अमेरिका में बेची गईं सभी नई कारों की कुल कीमत एलन मस्क की नेटवर्थ से कम है। घरों के बाद कारें और ट्रक ज्यादातर अमेरिकियों द्वारा की जाने वाली सबसे बड़ी खरीदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *