गोरखपुर में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, 60 किमी तार बिछेंगे और 640 पोल बदले जाएंगे…

महानगर में बिजली सुधार की दिशा में बड़ा काम शुरू हो गया है। बिजली निगम 60 किलोमीटर लंबाई में एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) बिछाएगा। श्री गोरखनाथ और टाउनहाल खंड क्षेत्र में इसके लिए जगह चिह्नित कर ली गई है।

तीन गुणे 150 क्षमता के यह केबल बिजली का लोड ज्यादा पड़ने पर भी खराब नहीं होगा। इससे निर्बाध आपूर्ति जारी रहेगी। साथ ही जर्जर हो चुके 640 बिजली के पोल भी बदले जाएंगे। इनकी जगह नए पोल मंगाए जा रहे हैं। इससे हल्की हवा चलने पर पोल गिरने की घटनाएं नहीं होंगी।

महानगर में एबी केबल लगाने का काम लंबे समय से चल रहा है। लगातार मांग बढ़ने के कारण एबी केबल पर लोड भी बढ़ता जा रहा है। इस कारण आए दिन केबल में खराबी आती है। इसे देखते हुए बिजली निगम ने ज्यादा क्षमता का केबल लगाने का निर्णय लिया था। इसका प्रस्ताव पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के वाराणसी मुख्यालय को भेजा गया था। अब 60 किलोमीटर लंबाई में केबल मिल गया है।

पोल गिरने की हो चुकी हैं कई घटनाएं
पिछले दिनों आंधी के बीच महानगर में कई स्थानों पर पोल गिर गए थे। लोगों का कहना था कि ज्यादातर पोल नीचे से जर्जर हो गए हैं। इस कारण हवा की गति को नहीं बर्दाश्त कर सके। बिजली निगम ने खंड वार जर्जर पोल की सूची बनाई। इसके बाद नए पोल के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया। अब 640 पोल बदलने की स्वीकृति मिल चुकी है। अभियंताओं को सभी पोल की एक बार फिर जांच करने को कहा गया है।

उपकेंद्रों के छोटे-छोटे उपकरणों की हो रही जांच
महानगर के सभी 27 उपकेंद्रों के छोटे-छोटे उपकरणों की जांच इन दिनों कराई जा रही है। मौसम का साथ मिलने से बिजली निगम के अभियंता लगातार अनुरक्षण कार्य में जुटे हुए हैं। उपकेंद्रों के ब्रेकर दुरुस्त कराए जा रहे हैं। इसके अलावा पैनल के उपकरणों को भी ठीक कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *