भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र के सधुआ गांव में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान स्व. गनौरी सिंह के पुत्र फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि फुलेश्वर यादव चंडीगढ़ में रहकर राजमिस्त्री का काम करते थे। चार दिन पहले मां के घायल होने की सूचना पर वह घर लौटे थे। इसी बीच जमीन को लेकर चल रहे विवाद में उनकी हत्या कर दी गई।
डेढ़ बीघा जमीन के लिए मर्डर
मृतक की मां कौशल्या देवी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच डेढ़-डेढ़ बीघा जमीन का बंटवारा हुआ था। छोटा भाई रुदल सिंह अपनी जमीन बेच चुका था और बड़े भाई की जमीन पर कब्जा कर लोन लेना चाहता था।
इसी को लेकर विवाद बढ़ा और बुधवार की रात रुदल सिंह ने अपनी पत्नी अंजू देवी और साले शत्रुघ्न सिंह के साथ मिलकर छत पर सो रहे
की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए पानी की टंकी में फेंक दिया गया।
घटना के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गया। गुरुवार शाम ग्रामीणों को शक होने पर टंकी की जांच की गई, जहां से फुलेश्वर यादव का शव बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी सपना देवी, तीन पुत्र- खुशहाल कुमार (20 वर्ष), क्षत्रिय कुमार (17 वर्ष), संजीव कुमार (14 वर्ष) और एक पुत्री सोनाक्षी (10 वर्ष) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।