नोएडा-ग्रेटर नोएडा में माहौल बिगाड़ने की कोशिश नाकाम रही, पुलिस और PAC की कड़ी तैनाती के बीच श्रमिक वापस काम पर लौटे…

उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना के बाद बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में कई इकाइयां खुलने पर श्रमिक काम पर लौट आए हैं। चप्पे-चप्पे पर पीएसी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

इस बीच ग्रेटर नोएडा के इकोटेक तीन और इकोटेक 12 में बुधवार को भी कुछ श्रमिकों ने एकत्रित होकर हंगामा करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी ने इसे टाल दिया। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई सेक्टर्स में हंगामे के प्रयास को पुलिस ने विफल कर दिया।

श्रमिकों को एकत्रित होते देख उद्यमियों ने तुरंत जिला प्रशासन को हेल्पलाइन नंबर और स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी। वहीं, कड़ी सुरक्षा घेरे के बीच अब श्रमिक अपने काम पर लौटने लगे हैं। 

जिला प्रशासन श्रमिकों को जागरूक करने में जुटा

इसके तुरंत बाद मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम पहुंच गई। जहां उन्होंने श्रमिकों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया। साइट बी में भी श्रमिक इकट्ठा हो रहे थे लेकिन पुलिस की मौजूदगी ने उन्हें एकत्रित नहीं होने दिया। श्रमिक मुख्य रूप से वेतन वृद्धि, न्यूनतम मजदूरी में इजाफा, ओवरटाइम भुगतान और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। हालांकि प्रदेश स्तर पर श्रमिकों की मांगों को मान लिया गया है। इसके बारे में लगातार जिला प्रशासन श्रमिकों को जागरूक करने में जुटा हुआ है। 

संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च 

उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना के बाद बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में कई इकाइयां खुलने पर श्रमिक काम पर लौट आए हैं। चप्पे-चप्पे पर पीएसी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सुबह से ही अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था बड़ी संख्या में पुलिस वालों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर रहे हैं। फेज दो में 20 हजार श्रमिकों द्वारा पंचायत के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन और सख्त हो गया है।

शिव नादर यूनिवर्सिटी के कर्मी कर रहे धरना

ग्रेटर नोएडा स्थित शिव नादर यूनिवर्सिटी के बाहर भी वहां कर्मचारी धरने पर बैठ गए। धरना की जानकारी मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर एसीपी ने कर्मचारियों को वेतन वृद्धि के बारे में दी। इसके बाद वे शांत हो गए। इस तरह यहां धरना समाप्त हो गया।

सेक्टर-63 में एकत्र हो रही थी भीड़

वहीं, नोएडा के सेक्टर-63 में साहू इंडस्ट्रीज के बाहर बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंचे अर्धसैनिक बल और सुरक्षाकर्मियों ने कर्मचारियों को कंपनी के बाहर से हटा दिया। मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।

रासुका के तहत कार्रवाई करने की भी चेतावनी

पुलिस अधिकारियों ने सेक्टर 82 स्थित होजरी कंपलेक्स में मदरसन कंपनी और अन्य इकाइयों के पास सुरक्षा घेरा बना लिया है जबकि फेज 1 थाना क्षेत्र के संवेदनशील क्षेत्र में एडीसीपी मनीष सिंह और एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों ने स्थानीय निवासी और श्रमिकों से शांति व्यवस्था बनाने की अपील की। साथ ही उपद्रव या माहौल खराब करने के प्रयास करने वाले आरोपितों पर रासुका के तहत कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी है।

पुलिस बल से धक्का-मुक्की और हमला

उधर, सोमवार को सेक्टर 58 थाना क्षेत्र में उपद्रव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने डेढ़ हजार से ज्यादा उपद्रवियों पर मुकदमा दर्ज किया है। उप निरीक्षक की तरफ से कराए गए मुकदमे में उपद्रवियों पर सेक्टर 62 इलेक्ट्रॉनिक मेट्रो स्टेशन से आगे राष्ट्रीय राजमार्ग 9 बाधित करते हुए सार्वजनिक संपत्ति एवं वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने शिकायत में उपद्रवियों को रोकने पर पुलिस बल से धक्का-मुक्की और हमला करने की भी बात कही है।

पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिया गया

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह का कहना है कि उपद्रव करने वाले आरोपितों की तेजी से पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल संवेदनशील क्षेत्रों में सुबह से ही फ्लैग मार्च कर संदिग्धों पर पहली नजर रखी जा रही है। राहत की बात है कि विभिन्न इकाइयों में श्रमिक अपने काम पर लौट रहे हैं, उन्हें पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *