भारत और बांग्लादेश द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश को बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके लिए दोनों देश एक संयुक्त कार्यबल बनाने पर बात कर रहे हैं।
बांग्लादेश चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफबीसीसीआई) ने ढाका में भारत के उप-उच्यायुक्त पवन कुमार तुलसीदास बधे के हवाले से बताया, भारतीय उच्चायोग कार्यबल के गठन में तेजी लाने के लिए दोनों देशों की सरकारों के साथ लगातार बातचीत व संपर्क बनाए हुए है।
एफबीसीसीआई के अनुसार, बधे ने एफबीसीसीआई के प्रशासक एम. फजलुल हक से मुलाकात की और कहा कि प्रस्तावित कार्यबल दोनों देशों के व्यवसायों व हितधारकों को करीब लाकर आपसी व्यापार एवं निवेश को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
बधे ने इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए बांग्लादेश के निजी क्षेत्र, खासकर एफबीसीसीआई से सहयोग मांगा। बयान के अनुसार, बैठक में टैरिफ और नान-टैरिफ बाधाओं को हटाने व दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
बधे ने कहा कि भारत जाने वाले बांग्लादेशियों के लिए वीजा प्रक्रिया को सभी श्रेणियों में आसान बना दिया गया है और उच्चायोग अभी प्रतिदिन लगभग 5000 वीजा जारी कर रहा है। यह बैठक एफबीसीसीआई और कंफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के बीच ढाका में हुई 0बैठक के दो दिन बाद हुई।