नए साल के आगाज के साथ ही देश के कई राज्यों में ठंड ने विकराल रूप धारण कर लिया है। शीतलहर के कारण कई जगहों पर ठिठुरन और गलन महसूस की जा रही है।
लोग ठंड से राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं। मगर, ठंड अभी और कहर बरसाने के मूड में है।
मौसम विभाग का कहना है कि 22-24 जनवरी के बीच उत्तर पश्चिमी भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अगले 2-3 दिन तक उत्तर पश्चिमी भारत और बिहार में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में आएगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक भीषण ठंड की चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार, इस हफ्ते पश्चिमी हिमालय में लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) आने की संभावना है, जिससे 23 जनवरी तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में भारी वर्षा के साथ बर्फबारी होने के भी आसार हैं।
यूपी-बिहार में करवट लेगा मौसम
हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का असर दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों पर पड़ेगा। इन राज्यों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इस हफ्ते इन राज्यों में ठिठुरन और गलन बढ़ सकती है।
दिल्ली में कोहरे का कहर
दिल्ली समेत एनसीआर में कड़ाके की सर्दी के बीच कोहरे का कहर जारी है। घने कोहरे के कारण कई राज्यों में विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली एनसीआर की कुछ जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
झारखंड में बढ़ेगी ठंड
पहाड़ों पर बढ़ती ठंड का असर झारखंड तक देखने को मिलेगा। झारखंड में तापमान काफी कम हो गया है। खासकर रात के समय ठंड का अहसास बढ़ने की संभावना है।