रादौर में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर, दोपहर 12 से 4 बजे तक बाजार रहे सूने; लोग घरों में रहने को मजबूर…

लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

इसका सीधा असर बाजारों की रौनक पर भी देखने को मिल रहा है। दोपहर 12 बजे से लेकर शाम चार बजे तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है और आम दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है।

गर्मी के कारण सड़के भी दोपहर के समय लगभग खाली नजर आती हैं और केवल जरूरी काम से निकलने वाले लोग ही दिखाई देते हैं। बाजार में दुकानदार भी गर्मी के कारण परेशान नजर आ रहे हैं। दुकानदार सुरेंद्र दास का कहना है कि दोपहर के समय बाजार में ग्राहक न आने के बराबर रहते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सुबह और शाम के समय ही बाजारों में कुछ चहल-पहल दिखाई देती है। लोग जरूरी सामान की खरीदारी भी अब सूरज ढलने के बाद करना पसंद कर रहे हैं।

चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान और हीट वेव लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है।

एहतियात बरतना जरूरी

डॉ. जसविंद्र सैनी ने बताया कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और हल्का भोजन करना चाहिए। वहीं धूप में निकलते समय सिर ढककर रखना चाहिए।

ताकि सीधी धूप से बचाव हो सके। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में प्रशासन द्वारा भी लोगों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *