केरल के पूर्व सीएम विजयन की बेटी से ईडी की दूसरी बार पूछताछ, बैंक लॉकरों की भी जांच…

केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीना टी गुरुवार को कोच्चि में ईडी के सामने दूसरी बार पेश हुईं। यह मामला उनकी अब बंद हो चुकी आईटी कंपनी ‘एक्सलॉजिक साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ और सीएमआरएल से जुड़े मनी लांड्रिंग केस से संबंधित है।

सूत्रों के मुताबिक, वीना सुबह करीब 9:20 बजे ईडी कार्यालय पहुंचीं। इससे पहले ईडी ने 17 जून को उनसे नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।

हालांकि, शुरू में उन्हें 29 जून को दोबारा पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन बाद में तारीख पहले कर दी गई और वह गुरुवार को एजेंसी के सामने पेश हुईं। चल रही जांच के हिस्से के तौर पर 19 जून को ईडी के अधिकारियों ने तिरुअनंतपुरम में वीना के बैंक लॉकरों की जांच की थी।

ईडी सूत्रों के अनुसार, उनके पिछले बयान और जांच के दौरान इकट्ठा किए गए सबूतों का विश्लेषण करने के बाद और पूछताछ करना जरूरी समझा गया।

जांच एजेंसी ने हाल के हफ्तों में कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के डायरेक्टरों और वरिष्ठ अधिकारियों से भी पूछताछ की है।

एजेंसी उन आरोपों की जांच कर रही है कि सीएमआरएल ने वीना की कंपनी ‘एक्सलॉजिक साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ को बिना कोई सेवा लिए 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *