एप्सटीन मामले पर बहस के दौरान डेमोक्रेट सांसदों का हंगामा, रिपब्लिकन सदस्यों ने कसा तंज…

 अमेरिका में नाबालिग लड़कियों के साथ यौन अपराधों से जुड़ी एप्सटीन फाइलों पर चर्चा के दौरान गुरुवार को विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने हंगामा किया।

वे न्याय विभाग के मामले को रखे जाने के तरीके पर विरोध जताते हुए बंद दरवाजे के पीछे हो रही उस बैठक का बहिष्कार करके चले गए जो उन्हें एप्सटीन के अपराधों और उनमें लिप्त रहे नामचीन लोगों के बारे में जानकारी देने के लिए आयोजित की गई थी।

ट्रंप के नाम और फोटो आए सामने

इन फाइलों में कई स्थानों पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम और फोटो सामने आए हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने कहा, वह चाहते हैं कि अटार्नी जनरल पाम बोंडी शपथपूर्वक ट्रंप प्रशासन के लोगों के कृत्यों की जानकारी दें। इसके लिए उन पर दबाव डाला जाएगा।

इससे पहले बोंडी और डिप्टी अटार्नी जनरल टोड ब्लैंच अमेरिकी संसद भवन कैपिटल हिल गए थे और वहां पर उन्होंने एप्सटीन मामले से जुड़ी लाखों फाइलों की जानकारी देने का सिलसिला शुरू किया था। लेकिन 30 मिनट से भी कम समय में ही बैठक में हंगामा हो गया। संसदीय समिति में शामिल डेमोक्रेटिक सदस्यों ने कहा, जो भी बात कही जाए वह साक्ष्यों के साथ शपथपूर्वक कही जाए।

इससे जानकारी को छिपाने या उसे गलत तरीके से प्रस्तुत करने पर अटार्नी जनरल और उप अटार्नी जनरल को दंडित किया जा सकेगा। लेकिन बोंडी ने शपथपूर्वक अपनी बात कहने से इन्कार कर दिया। डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य मैक्सवेल फ्रोस्ट ने कहा, बोंडी से हम शपथपूर्वक जानकारी चाहते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि बोंडी पर हमें भरोसा नहीं है।

लेकिन समिति में शामिल रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने डेमोक्रेटिक सदस्यों की मांग को खारिज कर दिया। कहा, डेमोक्रेटिक सदस्य राजनीतिक कारणों से हंगामा कर रहे हैं। जबकि बोंडी और ब्लैंच आवश्यक प्रश्नों के उत्तर और जानकारी दे रहे हैं।

रिपब्लिकन ने साधा निशाना

रिपब्लिकन सदस्यों ने कहा, डेमोक्रेट सदस्यों के आचरण से स्पष्ट हो गया है कि वे आवश्यक सूचनाएं या पीडि़तों के लिए न्याय नहीं चाहते हैं बल्कि हंगामा करके राजनीतिक लाभ उठाना चाहते हैं। मामले में अटार्नी जनरल बोंडी ने कहा कि कानून के अनुसार साक्ष्यों को सामने रखते हुए वह सूचनाएं दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *