दुनियाभर के देश होने वाले सड़क हादसों पर काफी चिंतित रहते हैं। हादसों के साथ ही उनमें घायल होने वाले लोगों की संख्या में कमी लाने के लिए समय समय पर कई निर्देश दिए जाते हैं।
हाल में ही चीन ने एक और आदेश जारी किया है, जिससे कार को कंट्रोल करने वाले स्टेयरिंग के डिजाइन में बदलाव हो जाएगा। किस तरह के आदेश चीन में जारी किए गए हैं।
कब से इनको लागू किया जाएगा और इसका क्या प्रभाव होगा। हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।
बदलेगा स्टेयरिंग का डिजाइन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में अब योक स्टेयरिंग जैसे डिजाइन पर रोक लगाने का फैसला सरकार की ओर से लिया गया है। नए नियम में दुर्घटनाओं से संबंधित आवश्यकताओं को और ज्यादा सख्त कर दिया गया है।
क्या है कारण
स्टेयरिंग को लेकर चीन का मानना है कि हादसे के समय इनसे ज्यादा चोट लगने का खतरा हो सकता है, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों ने कहा है कि 46 फीसदी दुर्घटनाओं में चालक को चोट स्टेयरिंग के कारण लगती हैं। जिसमें योक स्टेयरिंग का योगदान ज्यादा है। वहीं सामान्य डिजाइन वाले स्टेयरिंग के कारण हादसे के समय चालक के आगे झुकने की स्थिति में ज्यादा सुरक्षा मिलती है।
कितनी है व्यवहारिकता
जानकारी के मुताबिक इस तरह के स्टेयरिंग फॉर्मूला वन कारों में दिए जाते हैं। जिससे प्रेरणा लेकर टेस्ला से लेकर लेक्सस जैसी निर्माताओं ने अपनी कारों में योक स्टेयरिंग को देना शुरू किया था।
लेकिन फॉर्मूला वन कारों के विपरीत सड़क पर चलने वाली सामान्य कारों को पार्क करते हुए और यू टर्न जैसी स्थिति में स्टेयरिंग पर ज्यादा दबाव डालना पड़ता है।
जिसमें योक स्टेयरिंग के साथ चालक को समस्या भी आती है। इसलिए ऐसी स्थिति में सामान्य कारों के लिए सामान्य डिजाइन वाले स्टेयरिंग ज्यादा व्यवहारिक हो सकते हैं।
कब से लागू होगा फैसला
रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में इस तरह के फैसले को एक जनवरी 2027 से लागू कर दिया जाएगा। उसके बाद किसी भी वाहन निर्माता की कार में योक स्टेयरिंग को नहीं दिया जाएगा।
कौन करता है ऑफर
मौजूदा समय में चीन में इस तरह के स्टेयरिंग के डिजाइन के साथ Tesla और Lexus जैसे वाहन निर्माता अपनी कारों को ऑफर करते हैं।
इस तरह के स्टेयरिंग को सबसे पहले Elon Musk की टेस्ला ने अपनी कारों में ऑफर किया था। जिसके बाद चीन में अन्य वाहन निर्माताओं में इस तरह के डिजाइन को अपनी कारों में ऑफर करना शुरू किया था।