मालदीव की यात्रा की योजना बना रहे भारतीय नागरिकों को एनसीबी ने चेतावनी जारी कर आगाह किया है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बताया है कि मालदीव में ड्रग्स से जुड़े कानूनों को हाल ही में बेहद सख्त बना दिया गया है, जिसके चलते मामूली लापरवाही भी भारी सजा में बदल सकती है।
एनसीबी के अनुसार, मार्च 2026 से लागू नए कानूनों के तहत ड्रग्स से जुड़े अपराधों पर सख्त सजा का प्रविधान किया गया है। इसमें आजीवन कारावास तक की सजा शामिल है, जबकि बड़े स्तर पर तस्करी के मामलों में मौत की सजा भी दी जा सकती है।
चौंकाने वाली बात यह है कि अब छोटी मात्रा में प्रतिबंधित पदार्थ रखने पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
हाल के दिनों में कई विदेशी नागरिकों के साथ भारतीय को भी मालदीव में ड्रग्स मामलों में गिरफ्तार किया गया है।
इसे देखते हुए माले स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी सख्त निर्देश जारी कर भारतीयों से स्थानीय कानूनों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।
एडवाइजरी में खास तौर पर चेतावनी दी गई है कि कोई भी व्यक्ति किसी अनजान के कहने पर उसका सामान या पैकेट बिल्कुल न ले।
एयरपोर्ट, पोर्ट या ट्रांजिट प्वाइंट पर ऐसे मामलों में सतर्क रहने को कहा गया है, क्योंकि जरा सी लापरवाही गंभीर कानूनी परेशानी में डाल सकती है।