यूक्रेन युद्ध को रुकवाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से प्रयासरत हैं। हालांकि उनकी अब तक की कोशिशें नाकाम ही नजर आई हैं।
अब डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा है कि वह जल्द व्लादिमीर पुतिन से बात करने वाले हैं।
दरअसल, ट्रंप से रात्रिभोज के दौरान एक पत्रकार ने पूछा था कि क्या उन्होंने गुरुवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात करने के बाद निकट भविष्य में अपने रूसी समकक्ष से भी बात करने की योजना बनाई है?
इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘हां, मैं करूंगा। हमारी बहुत अच्छी बातचीत चल रही है।’
अमेरिकी राष्ट्रपति के आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस में प्रौद्योगिकी जगत के दिग्गजों के साथ रात्रिभोज में ट्रंप एक लंबी मेज के बीचोंबीच प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग के बीच बैठे थे।
अमेरिका के एक अधिकारी के मुताबिक जल्द ही डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन यूक्रनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब तीनों नेता आपस में बात करेंगे।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन का युद्ध रुकवाने के लिए अमेरिका कुछ भी करने को तैयार है।
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप में अलास्का में पुतिन से बात की थी। इसके बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति भी ट्रंप से मिलने अमेरिका पहुंचे थे।
इसी बीच नाटो चीफ ने भी यूरोपीय देशों को चेताते हुए कहा है कि वे रूस को लेकर नासमझ ना बनें। उनका कहना है कि यूरोप के देशों को खुलकर यूक्रेन के लिए जोर लगाना चाहिए। वहीं रूस को अलग-थलग करने में कसर नहीं छोड़नी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही थीं मेलानिया ट्रंप
मेलानिया ट्रंप ने गुरुवार दोपहर को व्हाइट हाउस की नयी कृत्रिम मेधा (AI) शिक्षा कार्य बल की बैठक की अध्यक्षता की।
पहले यह कार्यक्रम हाल में बने रोज गार्डन में आयोजित होना था, लेकिन बारिश के कारण इसे व्हाइट हाउस में आयोजित कराना पड़ा।
ट्रंप ने प्रौद्योगिकी जगत के नेताओं से कहा कि वे अपनी कंपनियों के बारे में थोड़ी जानकारी दें और अमेरिका में अपने निवेशों पर बात करें। जुकरबर्ग ने अनुमान जताया है कि उनकी कंपनी 2028 तक लगभग 600 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करेगी।