लोकसभा सीटों के परिसीमन पर द्रमुक और कांग्रेस सोमवार को सार्वजनिक रूप से आमने-सामने आ गए और दोनों ने एक-दूसरे पर ओछी राजनीति करने तथा राजनीतिक अवसरवाद के आरोप लगाए।
दोनों पार्टियों के बीच यह तकरार ऐसे समय में देखने को मिला, जब केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक के लिए विपक्षी दलों और राजग के घटक दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।
यह विवाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय द्वारा परिसीमन के विरोध में बुलाई गई राज्य के सांसदों की बैठक के कुछ दिनों बाद सामने आया है।
द्रमुक ने बैठक का किया बहिष्कार
कांग्रेस ने इस बैठक में हिस्सा लिया था, जबकि द्रमुक ने इसका बहिष्कार किया था। द्रमुक सांसद और लोकसभा में पार्टी के उपनेता दयानिधि मारन ने एक्स पर एक पोस्ट में सवाल किया कि कांग्रेस केवल तमिलनाडु में ही परिसीमन के खिलाफ मोर्चा क्यों खोल रही है, जबकि उन चार राज्यों में चुप है, जहां उसकी सरकार है।
कांग्रेस केवल तमिलनाडु में परिसीमन नहीं का यह नाटक क्यों कर रही है? उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से भी सवाल करेगी, जिन्होंने पहले इस कवायद के लिए एक हाइब्रिड माडल का समर्थन किया था। मारन ने टीवीके द्वारा बुलाई गई सांसदों की बैठक में कांग्रेस की भागीदारी पर भी सवाल उठाया और इसे राजनीतिक तमाशा करार दिया।
इसके जवाब में तेलंगाना के भोंगीर से कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला ने मारन पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया और कहा कि जनसंख्या आधारित परिसीमन के खिलाफ उनकी पार्टी का रुख नहीं बदला है।
चमाला ने कहा कि रेड्डी ने मुख्यमंत्री के तौर पर द्रमुक नेता एमके स्टालिन द्वारा बुलाई गई दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक नेताओं की बैठक में हिस्सा लिया था और जनसंख्या आधारित परिसीमन का स्पष्ट रूप से विरोध किया था।