डीजे के प्यार में अंधी हुई बेटी, आशिक को घर बुलाकर मां की कर दी हत्या; हथौड़े से सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट…

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक शहर में बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 39 वर्षीय महिला की हत्या का आरोप उसकी 16 वर्षीय बेटी और बेटी के प्रेमी पर लगा है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला एक कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है, जो सोशल मीडिया से शुरू हुआ था और अंततः एक हत्या में तब्दील हो गया।

मृतक महिला एक सिंगल मदर थीं, जो ‘कला सारथी’ में हस्तशिल्प कार्य करती थीं और साथ ही एससी/एसटी सेल व महिला मंडल में भी सक्रिय थीं। उन्होंने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया था और दो बेटियों की परवरिश अकेले ही कर रही थीं।

हत्या की खौफनाक साजिश, जानिए पूरा मामला

मामला हैदराबाद के जीडीमेटला इलाके का है। पुलिस के अनुसार, मृतका अपनी दो बेटियों के साथ जीडीमेटला के शापुर नगर में किराए के मकान में रहती थीं।

उनकी बड़ी बेटी कक्षा 10 की छात्रा है। उसने पिछले दिसंबर में इंस्टाग्राम के जरिए 19 वर्षीय पी. शिवा से दोस्ती की थी, जो नालगोंडा जिले का रहने वाला एक डीजे है। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।

19 जून को किशोरी अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी, जिसके बाद अंजलि ने पुलिस में अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने लड़की को सूर्यापेट में शिवा के दादा-दादी के घर से बरामद किया और उसे उसकी मां को सौंप दिया। इसके बाद से मां-बेटी के बीच इस रिश्ते को लेकर लगातार तनाव और झगड़े हो रहे थे।

जुर्म की रात क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, 23 जून की शाम को बेटी ने अपनी मां की आपत्तियों से तंग आकर शिवा को फोन किया और अपनी मां के खिलाफ शिकायत की। जैसे ही शिवा और उसका भाई यशवंत घर पहुंचे, लड़की ने दरवाजा खोल दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने पहले महिला को चुनरी और साड़ी से गला घोंटकर मारने की कोशिश की।

जब वे समझे कि वह मर चुकी है, तो वहां से भाग गए। लेकिन बाद में लड़की ने देखा कि उसकी मां अब भी सांस ले रही है। इसके बाद उसने फिर से शिवा को फोन किया, और वह अपने भाई के साथ दोबारा लौटा। इस बार दोनों ने हथौड़े से महिला की खोपड़ी और नाक पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

झूठी कहानी और खुलासा

रात करीब 11:30 बजे, लड़की ने अपने मौसी और अन्य रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि उसकी मां कुर्सी से गिर गई हैं और गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें शक हुआ और जांच शुरू की। थोड़ी ही देर में पुलिस ने तीनों आरोपियों- लड़की, शिवा और यशवंत को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता की बहन ने बताया संघर्षों भरा जीवन

मृतका की बड़ी बहन ने बताया, “उसने कुछ साल पहले अपने पति को खो दी था। इसके बाद उसने दोनों बेटियों की परवरिश खुद की। वह ‘कला सारथी’ में हस्तशिल्प का काम करती थीं और समाज में भी काफी सक्रिय थीं। वह एससी/एसटी सेल और महिला मंडल में बराबरी के अधिकारों के लिए काम करती थीं।”

फिलहाल, पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। लड़की को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *