जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। कृषि विभाग की ओर से दलहनी एवं अन्य फसलों की पैदावार बढ़ाने के उद्देश्य से मुफ्त बीज मिनी किट वितरण योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत उड़द, मूंग और अरहर के बीज निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, वहीं संकर मक्का, ज्वार, बाजरा और सामान्य धान के बीज अनुदान पर दिए जाएंगे।
विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं
कृषि विभाग के अनुसार, यह योजना राज्य सहायतित कार्यक्रम और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत संचालित की जा रही है। इच्छुक किसान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है और यदि आवेदनों की संख्या अधिक होती है तो लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
किसान को एक मिनी किट प्रदान की जाएगी
प्रत्येक किसान को निर्धारित मानकों के अनुसार केवल एक मिनीकिट प्रदान किया जाएगा। चयनित किसानों को बीज वितरण पीओएस मशीन के जरिए सरकारी बीज भंडारों से किया जाएगा। उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने सभी किसानों से अपील की है कि वे समय रहते पोर्टल पर पंजीकरण कर योजना का लाभ उठाएं।