‘समझ नहीं आया कैसे रिएक्ट करूं’, फैन की अजीब हरकत से घबराईं अनुष्का शंकर…

मशहूर सितार वादक और पंडित रविशंकर की बेटी अनुष्का शंकर ने हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर एक ऐसी घटना साझा की, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। एक कान्सर्ट के बाद एक प्रशंसक की अजीब हरकत ने न केवल उनकी व्यक्तिगत सीमाओं (बाउंड्रीज) को लांघा, बल्कि उन्हें बचपन में हुए यौन शोषण के उस पुराने दर्दनाक दौर की याद दिला दी, जिससे वह सालों से उबरने की कोशिश कर रही हैं।

44 वर्षीय ग्रैमी-नामिनेटेड कलाकार अनुष्का ने बताया कि पिछले सप्ताहांत एक शो के बाद वह अपने प्रशंसकों से मिल रही थीं। तभी एक अनजान शख्स ने उनसे पूछा कि क्या वह उन्हें उठा सकता है, लेकिन जवाब का इंतजार किए बिना ही उसने अनुष्का को जबरन गले लगाते हुए हवा में उठा दिया।

अनुष्का ने कहा, “सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि मैं असहज होने के बावजूद केवल अजीब तरह से हंसी, उसे नीचे उतारने को कहा और पोस्टर पर साइन करके मुस्कुराते हुए विदा कर दिया। समझ नहीं आया कि कैसे जवाब दूं”।

अनुष्का ने बताया, “उस वक्त मैंने खुद की असहजता से ज्यादा उस शख्स की भावना को तरजीह दी, जो शायद उसका सिर्फ अति-उत्साहित था, लेकिन बाद में जब मैंने यह बात दूसरों को बताई, तो सब हैरान रह गए।”

अनुष्का ने बताया कि इस घटना के कुछ दिनों बाद जब उन्हें असलियत का अहसास हुआ, तो वह आत्मग्लानि और निराशा से भर गईं। उन्होंने दर्द बयां करते हुए लिखा कि बचपन की पुरानी यादें और घाव एक पल में फिर से उभर आए। हालांकि, उन्होंने इस कड़वे अनुभव को दूसरों को प्रेरित करने के लिए साझा किया।

उन्होंने यह संदेश दिया कि हीलिंग (जख्मों को भरने) का रास्ता कभी सीधा नहीं होता, इसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। अगर किसी मोड़ पर आपकी आवाज खो जाती है, तो निराश न हों, आप इसे दोबारा पा सकते हैं। खुद के प्रति दयालु रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *