वेनेजुएला में आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। सोमवार को जारी किए गए ताजा आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3535 हो गई है, जबकि 16700 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
24 जून को आए इन विनाशकारी भूकंपों ने राजधानी काराकास के उत्तर में स्थित ला गुएरा राज्य में सबसे ज्यादा कहर बरपाया है, जहां पूरे के पूरे मोहल्ले मलबे में तब्दील हो गए हैं।
बैक-टू-बैक आए इन शक्तिशाली झटकों की वजह से इमारतें ढह गईं और भारी नुकसान हुआ। सरकार के अनुसार, इस त्रासदी में अब तक 16740 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
17000 से अधिक लोगों बेघर
भूकंप ने न सिर्फ हजारों जानें ली हैं, बल्कि 17000 से अधिक लोगों को बेघर भी कर दिया है। सबसे बड़ी चिंता मलबे के नीचे दबे लोगों को लेकर है। सरकार ने अभी तक उन लोगों का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है जो मलबे के पहाड़ों के नीचे फंसे हुए हैं या लापता हैं।
हालांकि, संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि अभी भी लगभग 50000 लोग लापता हो सकते हैं। इन लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
सड़कों और पार्कों में रहने को मजबूर हुए सर्वाइवर्स
भूकंप में अपना घर और सबकुछ खो चुके सर्वाइवर्स अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। आपदा से प्रभावित कई लोग सड़कों पर, सार्वजनिक पार्कों में या कार पार्किंग एरिया में बनाए गए अस्थायी कैंपों में शरण लिए हुए हैं।
बुनियादी सुविधाओं के अभाव में इन लोगों का जीवन बेहद मुश्किल हो गया है। राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में सहायता पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन तबाही का मंज़र इतना बड़ा है कि स्थिति को सामान्य होने में अभी काफी वक्त लगेगा।