स्टील प्लांट से लेकर पुल तक तबाही… अमेरिका-इजरायल का ईरान पर दोहरा हमला, तेहरान ने दी कड़े जवाब की चेतावनी…

अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ अपने हमलों को और तेज कर दिया है। इन हमलों में तेहरान के एक सदी पुराने मेडिकल रिसर्च सेंटर, राजधानी के पास एक पुल और दो बड़े स्टील प्लांट्स को निशाना बनाया है।

ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, जबकि दोनों देश अपने हमलों को जारी रखे हुए हैं।

ईरान पर बढ़ते हमले

राजधानी तेहरान को पश्चिमी शहर करज से जोड़ने वाले हाईवे ब्रिज पर भी हमला किया गया। अल्बोर्ज प्रांत के डिप्टी गवर्नर ने ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी ISNA को बताया कि इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई।

अमेरिका और इजरायल के हमलों से ईरान की दो सबसे बड़ी स्टील कंपनियां भी प्रभावित हुई हैं। अहवाज में खुजिस्तान स्टील कंपनी और इस्फहान प्रांत में मोबारकेह स्टील कंपनी को पूरी तरह से बंद करना पड़ा है। इन हमलों से ईरान की औद्योगिक क्षमता पर गंभीर असर पड़ा है।

कोर ऑब्जेक्टिव्स पूरा होने के करीब: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बुधवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि अमेरिका ईरान में अपने मुख्य उद्देश्यों को पूरा करने के बहुत करीब पहुंच गया है। हालांकि, उन्होंने संघर्ष के समाप्त होने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने लक्ष्यों की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

लड़ाई जारी रहेगी: ईरान

ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बकर गलीबाफ ने दुश्मन की आक्रामकता की निंदा करते हुए कहा कि इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में अमेरिकी सेना की तैनाती बढ़ने की खबरें आ रही हैं, जिसमें USS Tripoli पर हजारों अमेरिकी मरीन का पहुंचना भी शामिल है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ईरान की जनता, सुप्रीम लीडर के नेतृत्व में, न केवल अपने अधिकारों की रक्षा करेगी, बल्कि दुश्मन को उनके किए पर पछताने पर भी मजबूर कर देगी।

ईरान ने साफ कहा है कि तेहरान अपने दुश्मनों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा। ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि युद्ध तब तक चलेगा जब तक दुश्मनों की अपमान और समर्पण नहीं हो जाता।

ईरान के सैन्य अधिकारियों ने अमेरिका द्वारा संभावित जमीनी हमले की आशंका जताई है और कहा है कि ऐसे किसी भी प्रयास का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *